मेजा रोड में पुलिस की कार्यप्रणाली पर व्यापार मंडल ने उठाए सवाल, नो एंट्री में वाहनों के प्रवेश से बढ़ी परेशानी
पैदल मार्च के नाम पर औपचारिकता निभाने का आरोप, रात की गश्त और चोरी की घटनाओं के खुलासे की मांग
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा रोड (प्रयागराज)। मेजा रोड बाजार में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर व्यापार मंडल ने नाराजगी जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि बाजार में पुलिस की नियमित गश्त नहीं हो रही है। वहीं, नो एंट्री के बावजूद भारी वाहनों का धड़ल्ले से प्रवेश होने से जाम की समस्या बढ़ रही है और आम लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है।
व्यापारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान पुलिस की ओर से व्यापार मंडल के साथ कोई बैठक नहीं की गई और न ही बाजार में वस्तुओं की बिक्री को लेकर कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश तय किए गए। इससे व्यापारियों और आम लोगों के बीच असमंजस की स्थिति बनी रही। व्यापार मंडल ने आरोप लगाया कि बाजार में पुलिस का पैदल मार्च महज औपचारिकता बनकर रह गया है। अधिकारियों को दिखाने के लिए कुछ कदम चलकर फोटो खिंचवाने तक ही कार्रवाई सीमित रहती है, जबकि बाजार में नियमित रात्रि गश्त की आवश्यकता है।
व्यापारियों ने रात के समय गिट्टी, बालू और भूसा लदे भारी वाहनों के आवागमन पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि शाम ढलते ही नो एंट्री में बड़े वाहनों को प्रवेश दिलाने के लिए पासर गैंग सक्रिय हो जाता है। कथित तौर पर 500 से 1000 रुपये तक की वसूली कर नो एंट्री के दौरान भी भारी वाहनों को बाजार से गुजारा जाता है। इससे बाजार में जाम की स्थिति पैदा होती है और व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होती हैं।
व्यापार मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय ने कहा कि मेजा रोड चौराहे पर दिनभर यात्रियों और राहगीरों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में चोर, उचक्कों और ठगी करने वाले गिरोहों की सक्रियता से लोगों में असुरक्षा का माहौल है। उनका आरोप है कि पिछले एक वर्ष में चोरी की दर्जनों घटनाएं हुई हैं, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी घटना का खुलासा नहीं कर सकी है। व्यापारियों के बीच यह चर्चा भी है कि कई मामलों में प्राथमिकी तक दर्ज नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि नो एंट्री के दौरान भारी वाहनों का बाजार में प्रवेश न केवल व्यापारियों के कारोबार को प्रभावित कर रहा है, बल्कि आम लोगों की जान के लिए भी खतरा बना हुआ है। खासकर स्कूल आने-जाने के समय छोटे बच्चों के भारी वाहनों की चपेट में आने की आशंका बनी रहती है।
व्यापार मंडल ने पुलिस अधिकारियों से बाजार में नियमित रात्रि गश्त कराने, नो एंट्री व्यवस्था का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने, संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो बाजार के लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है।
