मा0 न्यायमूर्ति-मा0 उच्च न्यायालय इलाहाबाद द्वारा फीता काटकर तीन दिवसीय मण्डलीय फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी का किया गया उद्घाटन
फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी से हमें अपनी धरा से जुड़ने एवं पर्यावरण कोे स्वच्छ, सुदर बनाने की मिलती है प्रेरणा- माननीय न्यायमूर्ति, श्री सौमित्र दयाल सिंह
पुष्प प्रदर्शनी से पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने का मिलता है संदेश-मण्डलायुक्त
प्रकृति को सुरक्षित व संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी, हमारा आज किया हुआ प्रयास हमारी आने वाली पीढ़ियों को रखेगा सुरक्षित-जिलाधिकारी
पुष्प प्रदर्शनी प्रातः 08ः00 बजे से रात्रि 09ः00 बजे तक आम जनमानस के लिए रहेगी खुली
आदर्श सहारा टाइम्स
प्रयागराज । अमर शहीद चन्द्रशेखर आजाद पार्क में दिनांक-20, 21 व 22 फरवरी 2026 को आयोजित मण्डलीय फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि मा0 न्यायमूर्ति श्री सौमित्र दयाल सिंह मा0 उच्च न्यायालय, इलाहाबाद द्वारा फीता काटकर किया गया। उद्घाटन में विशिष्ट अतिथि मा0 न्यायमूर्ति इन्द्रजीत शुक्ला, मा0 उच्च न्यायालय, इलाहाबाद, मण्डलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा उपस्थित रहें।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद के न्यायमूर्ति सौमित्र दयाल सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि फल, शाकभाजी , पौधे एवं पुष्प मानव जीवन का आधार हैं। पुष्पों के बिना मानव जीवन नीरस रहता है। पुष्प प्रेम का प्रतीक होने के साथ-साथ भाषा एवं मन की भावनाओं का भी द्योतक है। उन्होंने प्रदर्शनी के भव्य रूप से आयोजन के लिए सभी सम्बंधित का अभिनंदन करते हुए कहा कि हम सभी का प्रकृति से कुछ ऐसा जुड़ाव है कि हमें फूल-पौधों को देखकर खुशी होती है। कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी हमें अपनी धरा से जुड़ने का एहसास कराती है। प्रदर्शनी से हमें पर्यावरण कोे स्वच्छ, सुंदर बनाने की प्रेरणा मिलती है, इसलिए हम सभी को पौधे अवश्य लगाने चाहिए। पेड़-पौधे हमें जीवन जीने की बड़ी सीख प्रदान करते है। उन्होंने इस प्रकार के कार्यक्रमों का वृहद स्तर पर आयोजन करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि उद्यान विभाग के साथ-साथ हम सभी को अपना प्रयास करना चाहिए तथा अपने घर पर पेड़-पौधे अवश्य लगाने चाहिए।
इस अवसर पर मण्डलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि बसन्त के मौसम में आयोजित होने वाली मण्डलीय पुष्प प्रदर्शनी का शहर के लोग बेसब्री से इंतजार करते हैं। इस समय फूलों की ब्लूमिंग चरम पर होती है और लोग विभिन्न प्रकार के फूलों एवं उनसे निर्मित कलाकृतियों को देखने के लिए हजारों की संख्या में एकत्र होते है। उन्होंने फल, शाक-भाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि पुष्प प्रदर्शनी पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने का संदेश देती है और सभी का मनमोह लेती है। उन्होंने कहा कि चन्द्रशेखर आजाद पार्क प्रयागराज का बहुमूल्य धरोहर स्थल है, इसको संरक्षित रखने के लिए हम पूर्णरूप से कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रयागराजवासियों में इस प्रदर्शनी को देखने के लिए बहुत ही उत्सुकता होती है। आयोजको के द्वारा बहुत ही अच्छे ढंग से प्रदर्शनी को आर्गनाइज्ड किया गया है। उन्होंने प्रदर्शनी को और अच्छे तरीके से कैसे आयोजित कराया जा सकते है, इसके लिए लोगो के सुझावों के लिए प्रदर्शनी स्थल पर एक सुझाव बॉक्स रखने के लिए कहा है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि प्रकृति को सुरक्षित व संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। हमारा आज किया हुआ प्रयास हमारी आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित रखेगा। हमें पर्यावरण में हो रहे बदलाव से सुरक्षित रहने के लिए अपने बच्चों व स्वयं को प्रकृति के प्रति प्रेम व झुकाव रखना होगा। उन्होंने कहा कि आज यहां पर बड़ी संख्या में बच्चे आयें हुए है और इस पुष्प प्रदर्शनी को देख रहे है, इससे जाहिर है कि बच्चों के अंदर प्रकृति के प्रति झुकाव व प्रेम है। जिलाधिकारी ने माननीय न्यायमूर्ति सौमित्र दयाल सिंह, माननीय न्यायमूर्ति इंद्रजीत शुक्ला, श्रीमती मोनिका सिंह को उनके बहुमूल्य सुझावों के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि आगे आने वाले समय में इस प्रदर्शनी का आयोजन और भी बड़े स्तर पर करने का प्रयास किया जायेगा तथा आज यहां पर जो बहुमूल्य सुझाव प्राप्त हुए है, उनका पालन सुनिश्चित किया जायेगा। उन्होंने प्रदर्शनी में प्रतिभाग कर रहे सभी लोगो को धन्यवाद दिया।
उप निदेशक उद्यान द्वारा अवगत कराया गया कि इस प्रदर्शनी में मण्डल के सभी जनपदों से प्रगतिशील किसान, उद्यान प्रेमी बड़ी उत्साह से अपने प्रदर्शों को प्रदर्शित किये हैं। उन्होंने प्रदर्शनी में प्रतिभाग करने वाले सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद देते हुए अगली बार और उत्साह से प्रदर्शनी में भाग लेने हेतु उनका आह्वान किया।
उद्घाटन सत्र में मुख्य उद्यान विशेषज्ञ, खुशरूबाग, प्रयागराज, उप निदेशक उद्यान, प्रयागराज मण्डल, प्रयागराज, जिला उद्यान अधिकारी, प्रयागराज उपस्थित थे। उद्घाटन सत्र का संचालन श्री विजय किशोर सिंह द्वारा किया गया। अधीक्षक, राजकीय उद्यान, चन्द्रशेखर आजाद पार्क, प्रयागराज श्री जगदीश प्रसाद द्वारा बताया गया कि इस प्रदर्शनी को कुल-26 भागों में विभक्त किया गया था, जिसमें कुल-337 प्रतियोगियों ने 2191 प्रविष्टियॉं प्रदर्शनी में लगायी। इसमें गमलों में मौसमी फूल, जैसे, जेरेनियम, फ्लाक्स, बरवीना, डहेलिया, कैलेण्डुला, आदि शोभाकार एवं हरे-भरे पौध,कैक्ट्स एवं सकुलेन्ट पौधे, गमलों में सब्जियों के पौध गुलाब व अन्य पुष्पों के कट फ्लावर, महिलाओं व बच्चों द्वारा निर्मित पुष्प विन्यास/आकृतियॉं फलों के बने पदार्थ, बोनसाई, शहद, फोटोग्राफी व पेन्टिंग आदि की प्रतियोगितायें की गयी। इसके पूर्व में बंगलों के जजिंग का कार्य भी उद्यान विशेषज्ञों द्वारा किया गया। प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण पुष्पों द्वारा निर्मित विभिन्न आकृतियॉं थी। श्री जगदीश प्रसाद अधीक्षक, राजकीय उद्यान, प्रयागराज द्वारा बताया गया कि यह पुष्प प्रदर्शनी प्रातः 08ः00 बजे से रात्रि 09ः00 बजे तक प्रतिदिन आम जनमानस के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी के विजेताओं को दिनांक-22.02.2026 रविवार को सायं 05ः00 बजे पुरस्कृत किया जायेगा।
