मैराथन में महिला पुलिसकर्मी की स्कूटी से टक्कर, घायल धावक को नहीं मिला समय पर इलाज; थाने में सुनवाई न होने का आरोप

मैराथन में महिला पुलिसकर्मी की स्कूटी से टक्कर,
घायल धावक को नहीं मिला समय पर इलाज; थाने में सुनवाई न होने का आरोप

आदर्श सहारा टाइम्स

प्रयागराज। अखिल भारतीय प्राइजमनी मैराथन में अव्यवस्थाओं के बीच एक धावक के घायल होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मैराथन में दौड़ रहे रंजीत कुमार को स्कूटी सवार महिला पुलिसकर्मी ने टक्कर मार दी, जिससे उनके कंधे और पैर में चोट आई तथा खून बहने लगा। इसके बावजूद मौके पर तत्काल मेडिकल सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई।
घायल धावक रंजीत कुमार पुत्र रामनरेश, निवासी बिरसिंहपुर उर्फ अरईसपुर, थाना फाफामऊ, जिला प्रयागराज के रहने वाले हैं। वह संदीप के छोटे भाई हैं। उनके बड़े भाई भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित मोर्चा में जिला उपाध्यक्ष (गंगापार) के पद पर हैं।
परिजनों के मुताबिक, रंजीत कुमार केपी कॉलेज के पास मैराथन में दौड़ रहे थे। इसी दौरान स्कूटी सवार महिला पुलिसकर्मी की टक्कर से वह घायल हो गए। घायल अवस्था में उन्हें तत्काल उपचार की आवश्यकता थी, लेकिन मौके पर मेडिकल टीम और एंबुलेंस की समुचित व्यवस्था नहीं मिली। साथी धावक उन्हें बाइक से मदन मोहन मालवीय स्टेडियम लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि वहां भी उन्हें समय पर उचित उपचार नहीं मिल सका।
थाने में सुनवाई नहीं होने का आरोप
इस मामले में परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि घटना जॉर्ज टाउन थाना क्षेत्र की है, लेकिन शिकायत के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं की जा रही है। परिजनों का यह भी आरोप है कि चूंकि टक्कर मारने वाली महिला पुलिसकर्मी है, इसलिए मामले में उसे बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
परिजनों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर संबंधित महिला पुलिसकर्मी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।
बड़ा सवाल: क्या पुलिसकर्मी होने के कारण किसी को जांच और जवाबदेही से छूट मिल सकती है? यदि आम नागरिक की गलती पर पुलिस कार्रवाई करती है, तो पुलिसकर्मी की गलती पर निष्पक्ष कार्रवाई क्यों नहीं होनी चाहिए?
मैराथन जैसे बड़े आयोजन में खिलाड़ियों की सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा और यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी आयोजकों एवं संबंधित विभागों की है। इस पूरे मामले में पुलिस और आयोजन समिति का पक्ष सामने आना भी जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *