बाला साहब को नमन’ कार्यक्रम आयोजित, सैकड़ों जरूरतमंदों को बांटे गए कंबल

बाला साहब को नमन’ कार्यक्रम आयोजित, सैकड़ों जरूरतमंदों को बांटे गए कंबल

आदर्श सहारा टाइम्स

मेजा,प्रयागराज। मेजा क्षेत्र के उरुवा स्थित श्री मंडपम परिसर में ‘बाला साहब को नमन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित कर ठंड से राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम का मुख्य संदेश “तुलसी की महिमा, सनातन की पहचान — नारी शक्ति से गौरवान्वित हिंदुस्तान!” रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ शिवसेना के संस्थापक बाला साहब ठाकरे को नमन करने और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिवसेना के राष्ट्रीय सचिव कैप्टन अभिजीत अडसुल शामिल हुए। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में मां राजलक्ष्मी मंदा, मां कौशल्या नंद गिरी और डॉ. गुप्ता की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के आयोजक एवं संयोजक रुचि अभिषेक तिवारी तथा अभिषेक तिवारी (टिंकू) ने अतिथियों का अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों और गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने भारतीय संस्कृति में तुलसी के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व, सनातन परंपराओं की महत्ता तथा राष्ट्र निर्माण में नारी शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि कैप्टन अभिजीत अडसुल ने कहा कि बाला साहब ठाकरे के विचार समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा करने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देते हैं। आयोजकों ने कहा कि समाज सेवा, गरीबों की सहायता और क्षेत्र के विकास के उद्देश्य से भविष्य में भी सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कंबल वितरण के इस पुनीत कार्य की क्षेत्र में सराहना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *