मांडा थाना समाधान दिवस में पहुंचीं करीब 20 शिकायतें, राजस्व विभाग से जुड़े मामले सबसे अधिक
आदर्श सहारा टाइम्स
मांडा, प्रयागराज। मांडा थाना परिसर में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। एसएचओ अनिल कुमार वर्मा की निर्देशानुसार ,एसआई माधव प्रसाद त्रिपाठी एवं नायब तहसीलदार मांडा जमुना प्रसाद की मौजूदगी में क्षेत्र से आए फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं।
समाधान दिवस के दौरान लगभग 20 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें सबसे अधिक मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे। इनमें मुख्य रूप से जमीन विवाद, कब्जा, रास्ते और भूमि की पैमाइश से जुड़ी शिकायतें शामिल रहीं। इसके अलावा आपसी विवाद एवं अन्य समस्याओं को लेकर भी ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने अपनी फरियाद रखी।
अधिकारियों ने सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभाग के कर्मचारियों को मौके पर जाकर मामलों की जांच करने तथा नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि शिकायतों का निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से निस्तारण कराया जाएगा।
समाधान दिवस में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं और जल्द समाधान की उम्मीद जताई। वहीं, राजस्व से जुड़े मामलों में मौके पर जांच कर दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
