नाले पर पुलिया और सीसी रोड बनवाने को ग्रामीणों ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
आदर्श सहारा टाइम्स
कमासिन,बांदा। ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत बेनामऊ के महेड पुरवा स्थित अहिवरण पुरवा से स्कूल जाने वाले बच्चों और ग्रामीणों को मुख्य मार्ग तक पहुंचने में हो रही परेशानी को लेकर ग्रामीणों ने नाले पर पुलिया निर्माण और सीसी रोड बनवाने की मांग की है। इस संबंध में दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों के साथ ज्ञापन देने वालों में दुर्गेश कुमार, सुरेश चंद्र, शेषनारायण, गणेश, विजयपाल, रामलाल यादव, रवि यादव, धर्मेंद्र कुमार, रोहित, विपिन, शिवबली, रामहित, रामराज, अमन मिश्रा, कमलेश कुमार, गोवर्धन और धीरज कुमार, विनोद कुमार और पूर्व प्रधान रामदास वर्मा ने खंड विकास अधिकारी अमरेश सिंह चौहान को ज्ञापन सौंपकर समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव की आबादी के बीच से गुजरने वाले नाले के कारण बच्चों के लिए स्कूल जाने का कोई दूसरा रास्ता नहीं है। ऊबड़-खाबड़ रास्ते पर जलभराव होने से कीचड़युक्त मार्ग बन जाता है, जिससे बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और किसानों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। वाहनों के आवागमन में भी परेशानी होती है। कृषि कार्य के लिए किसानों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी से सात दिवस के भीतर स्थलीय निरीक्षण कर नाले की वास्तविक चौड़ाई और जल प्रवाह का तकनीकी आकलन कराने तथा नाले पर पुलिया और सीसी रोड का निर्माण कराने की मांग की है। खंड विकास अधिकारी ने ज्ञापन लेते हुए समस्या का शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया।
