मांडा में आकांक्षी ब्लॉक के इंडिकेटरों की समीक्षा, नोडल अधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण
कम प्रगति वाले इंडिकेटरों में तेजी लाने के निर्देश, किसानों को वितरित किए सरसों मिनीकिट
आदर्श सहारा टाइम्स
मांडा । आकांक्षी ब्लॉक मांडा में मंगलवार को विशेष सचिव, कंज्यूमर अफेयर एवं शासन के नोडल अधिकारी देवेंद्र पांडेय ने विभिन्न विभागों से संबंधित इंडिकेटरों की समीक्षा की। बैठक में नोडल अधिकारी ने विभागवार प्रगति की जानकारी लेते हुए कम प्रगति वाले इंडिकेटरों में सुधार और कार्यों में तेजी लाने के लिए खंड विकास अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए।
समीक्षा के बाद नोडल अधिकारी ने मांडा के ग्राम बभनी, एथर एवं राजापुर सहित विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर आंगनबाड़ी केंद्र, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय, प्राथमिक विद्यालय, पानी की टंकी, भारतनेट वायर सहित अन्य विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मौके पर कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान नोडल अधिकारी ने पूर्व में ऑनलाइन सेवा प्रणाली के माध्यम से मिनीकिट चयन के लिए बुकिंग पूर्ण कर चुके किसानों को कृषि विभाग की ओर से उपलब्ध कराए जा रहे निःशुल्क सरसों मिनीकिट का वितरण किया। उन्होंने किसानों को रबी सीजन में विभिन्न प्रकार के बीज उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया तथा रबी फसलों की बुवाई में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। साथ ही दलहनी एवं तिलहनी फसलों को बढ़ावा देने के लिए किसानों को जागरूक किया।
समीक्षा बैठक में खंड विकास अधिकारी मांडा, अपर जिला कृषि अधिकारी प्रयागराज विकास मिश्रा, सीएम फेलोशिप टीम, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, कृषक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
