अमिलिया कलां में मौत को दावत दे रहे लटके जर्जर बिजली के तार, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

अमिलिया कलां में मौत को दावत दे रहे लटके जर्जर बिजली के तार, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

 

आदर्श सहारा टाइम्स

उरुवा। उरुवा क्षेत्र स्थित अमिलिया गांव लाइन दक्षिण के कुशवाहा बस्ती में जर्जर बिजली के तार बीच रास्ते में लटक गए हैं। घनी आबादी के बीच से गुजरे मुख्य मार्ग पर तार इतने ढीले हो गए हैं कि भारी वाहनों की छत से छू सकते हैं। ग्रामीणों में इसको लेकर भारी आक्रोश और भय का माहौल है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी मार्ग से रोजाना स्कूल वैन, ट्रैक्टर ट्राली और अन्य भारी वाहन गुजरते हैं। स्कूल वैन की छत तारों से छू सकती है, जिससे बच्चों की जान पर खतरा मंडरा रहा है। वहीं किसान ट्रैक्टर की ट्राली पर भूसा या धान लादकर लाते हैं, ऊंचाई अधिक होने से तारों में उलझने और करंट लगने का डर बना रहता है।

*जर्जर पोल ही है मुख्य वजह*

ग्रामीणों ने बताया कि तारों के ढीले होने की मुख्य वजह जर्जर बिजली का पोल है। यह पोल पूरी तरह से जर्जर हो चुका है और कभी भी टूटकर गिर सकता है। इसी पोल के झुकने और कमजोर होने से तार नीचे लटक गए हैं। अगर पोल टूटा तो तार सड़क पर गिरेंगे और बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायत के बाद भी विभाग ने तारों को कसने, पोल बदलने या दुरुस्त करने की सुध नहीं ली। जर्जर तार कभी भी टूटकर गिर सकते हैं, जिससे बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

युवा प्रधान प्रत्याशी ने की मांग

युवा प्रधान प्रत्याशी अमिलिया कलां शैलेश बागी ने बिजली विभाग से अनुरोध किया है कि इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि जर्जर पोल को तत्काल बदला जाए और ढीले व जर्जर तारों को दुरुस्त किया जाए, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *