गुरु नानक जयंती (प्रकाश पर्व) पर गुरुद्वारा पहुंचे पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, मत्था टेककर लिया गुरु साहिब का आशीर्वाद
आदर्श सहारा टाइम्स
डानकुनी (पश्चिम बंगाल)। सिख धर्म के प्रथम गुरु, गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व (गुरु नानक जयंती) 2026 के शुभ एवं पवित्र अवसर पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी डानकुनी स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु गोविंद सिंह साहिब पहुंचे। यहां उन्होंने पूरे श्रद्धाभाव एवं सम्मान के साथ माथा टेककर गुरु साहिब के समक्ष अरदास की तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति, भाईचारे और सभी नागरिकों के कल्याण की कामना की। इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने गुरुद्वारा परिसर में गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष शीश नवाया तथा धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना एवं परिक्रमा की। गुरुद्वारा प्रबंधन एवं सिख समुदाय के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री जी ने श्रद्धापूर्वक लंगर में भी सहभागिता की और गुरु घर का हलवा प्रसाद के रूप में ग्रहण किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सिख समुदाय सहित पश्चिम बंगाल के समस्त नागरिकों को गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को याद करते हुए आपसी प्रेम, मानवता, सेवा, समानता, सद्भावना और भाईचारे के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
गुरु नानक देव भवन के निर्माण में मुख्यमंत्री हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया, इस अवसर पर सिख समुदाय के प्रतिनिधियों द्वारा राजारहाट के न्यू टाउन क्षेत्र में श्री गुरु नानक देव भवन के निर्माण से संबंधित मांग मुख्यमंत्री जी के समक्ष रखी गई। मुख्यमंत्री श्री शुभेंदु अधिकारी जी ने समुदाय की इस मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए भवन निर्माण के लिए हरसंभव सहायता एवं सहयोग का आश्वासन दिया। उनके इस आश्वासन से उपस्थित सिख समुदाय के प्रतिनिधियों में आशा और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शुभेंदु अधिकारी जी के साथ स्वच्छ भारत अभियान के कन्वेनर नवीन मिश्रा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भी इस पावन धार्मिक आयोजन में सहभागिता की तथा उपस्थित लोगों के साथ गुरु नानक देव जी के मानवता, सेवा और सद्भावना के संदेश को साझा किया। गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से संपूर्ण मानव समाज को एकता, प्रेम, समानता, ईमानदारी, परोपकार और निःस्वार्थ सेवा का मार्ग दिखाया। उनका संदेश किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है।
प्रकाश पर्व के इस पवित्र अवसर पर गुरुद्वारा परिसर श्रद्धा, भक्ति और सेवा भावना से सराबोर नजर आया। इस आयोजन ने एक बार फिर समाज में धार्मिक सौहार्द, आपसी एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
