NH-35 पर भीषण सड़क हादसा: बाइक सवार दंपति की मौके पर मौत, बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर

NH-35 पर भीषण सड़क हादसा: बाइक सवार दंपति की मौके पर मौत, बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर

ननिहाल से लौट रहे थे दंपति, हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों ने हाईवे किया जाम; पुलिस जांच में जुटी

आदर्श सहारा टाइम्स

मेजा, प्रयागराज। मेजा क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-35 पर कोटहा के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना से आक्रोशित मृतकों के ननिहाल पक्ष के लोगों ने हाईवे पर जाम लगाकर विरोध जताया और आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

मृतकों की पहचान दयाराम विश्वकर्मा पुत्र सत्ते विश्वकर्मा और उनकी पत्नी बबीता देवी पत्नी दयाराम विश्वकर्मा निवासी गोगांव, जिगना, मिर्जापुर के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, दंपति अपने ननिहाल लोटाढ़ गांव से बाइक पर सवार होकर उरुवा की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान उरुवा बाजार की ओर से मेजा रोड की तरफ जा रही बिना नंबर प्लेट की नई स्कॉर्पियो से उनकी बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के ननिहाल पक्ष के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। दंपति की मौत से आक्रोशित लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया और स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करने लगे।

सूचना मिलते ही मेजा पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। फिलहाल स्कॉर्पियो सवार की पहचान नहीं हो सकी है।

पुलिस प्रशासन दुर्घटना के कारणों और स्कॉर्पियो चालक के संबंध में जांच-पड़ताल में जुटा हुआ है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *