माघ मेले की तैयारियों का जायजा लेने घाटों पर पहुंचे पुलिस अधिकारी, एंटी ड्रोन सिस्टम का होगा ट्रायल
देव दीपावली पर पायलट प्रोजेक्ट के रूप में होगा एंटी ड्रोन सिस्टम का परीक्षण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर रहेगा विशेष जोर
आदर्श सहारा टाइम्स
प्रयागराज। माघ मेला एवं देव दीपावली के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु स्नान व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त माघ मेला एवं पुलिस उपायुक्त नगर ने मेला क्षेत्र के प्रमुख घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों पर सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं के आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि घाटों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। वहीं, मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से और अधिक मजबूत बनाने के लिए एंटी ड्रोन सिस्टम लागू करने की पहल की गई है। इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया जाएगा, जिसका परीक्षण देव दीपावली के अवसर पर किया जाएगा। इस तकनीक के माध्यम से मेला क्षेत्र में अनधिकृत ड्रोन गतिविधियों की निगरानी और नियंत्रण किया जा सकेगा।
पुलिस प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य माघ मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना तथा आधुनिक तकनीक के जरिए श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल उपलब्ध कराना है।
