माघ मेला-2027 की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ, संगम क्षेत्र में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ भूमि पूजन
आदर्श सहारा टाइम्स
प्रयागराज। संगम नगरी प्रयागराज में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध माघ मेला-2027 की तैयारियों का शनिवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। मेला क्षेत्र में वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूरे विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। भूमि पूजन के साथ ही आगामी माघ मेले को भव्य, दिव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में प्रशासनिक तैयारियों ने गति पकड़ ली है।
माघ मेला प्रयागराज की धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण पर्व है। प्रतिवर्ष इस पावन आयोजन में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु, साधु-संत, महात्मा एवं कल्पवासी संगम की रेती पर पहुंचकर आस्था की डुबकी लगाते हैं और धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता करते हैं। ऐसे में आगामी माघ मेला-2027 को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर सुविधाओं वाला मेला अनुभव उपलब्ध कराया जा सके।
भूमि पूजन कार्यक्रम में महंत बलवीर गिरि महाराज, पुलिस आयुक्त प्रयागराज पीयूष मोर्डिया, अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. अजय पाल शर्मा, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय विजय ढुल, जिलाधिकारी मनीष वर्मा, कर्नल महिम शर्मा, पंकज (पुलिस मुख्यालय), ज्ञानेंद्र सिंह (यातायात), गुनावत (अपराध), सागर जैन (नगर), विवेकचंद्र यादव (प्रोटोकॉल/माघ मेला), मनीष शांडिल्य (यमुनानगर), प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ऋषि राज, प्रशांत वर्मा (रेलवे), मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, श्रुति श्रीवास्तव (पुलिस लाइंस), विजय आनंद (यमुनानगर), अरुण पाराशर (सहायक मेला/सहायक पुलिस आयुक्त झूंसी) एवं डॉ. एस. दीप्ती चौहान (सहायक पुलिस आयुक्त, लाइंस) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। भूमि पूजन के साथ ही मेला क्षेत्र में आवश्यक निर्माण कार्यों, पुलिस व्यवस्थाओं एवं आधारभूत सुविधाओं को विकसित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विशेष रूप से पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर आवासीय एवं कार्यस्थल सुविधाएं, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए पुलिस, जिला प्रशासन, मेला प्रशासन एवं अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे।
प्रशासन का उद्देश्य आगामी माघ मेला-2027 में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्हें स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही साधु-संतों, कल्पवासियों एवं देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
माघ मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रयागराज की गौरवशाली परंपरा, सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। भूमि पूजन के साथ शुरू हुई तैयारियां इस बात का संकेत हैं कि आगामी माघ मेला-2027 को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफल बनाने के लिए प्रशासन ने समय रहते कमर कस ली है।
