गरीबों और असहायों का सहारा बनेंगे ग्राम प्रधान प्रत्याशी सुनील कुमार, जरूरतमंदों के बीच 25 तारीख को करेंगे कंबल वितरण
आदर्श सहारा टाइम्स
उमेश चन्द्र सोनी
मेजा, प्रयागराज। मेजा क्षेत्र के सिरसा बिजौरा ग्राम सभा में ग्राम प्रधान प्रत्याशी सुनील कुमार ने गांव के गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के साथ एक बैठक आयोजित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। बैठक के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी परेशानियों को समझते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान गांव के बुजुर्गों, युवाओं एवं अन्य ग्रामीणों की अच्छी खासी मौजूदगी रही।
बैठक में आगामी ठंड के मौसम को देखते हुए ग्राम प्रधान प्रत्याशी सुनील कुमार ने एक सराहनीय पहल की घोषणा करते हुए कहा कि आगामी 25 तारीख, दिन बुधवार को जरूरतमंद एवं असहाय लोगों के बीच कंबल वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम में गरीब परिवारों, मजदूरों और बुजुर्गों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए, ताकि कोई भी गरीब व्यक्ति ठंड में परेशान न हो।
सुनील कुमार ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य केवल ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि गांव के हर गरीब, मजदूर, बुजुर्ग और असहाय व्यक्ति की आवाज बनना है। उन्होंने कहा, “मैं हमेशा गरीबों, मजदूरों और असहाय लोगों का सहारा बनकर खड़ा रहूंगा। गांव के लोगों की समस्याओं को अपनी समस्या समझकर उनके समाधान के लिए हर संभव प्रयास करूंगा। मेरा सपना है कि हमारी ग्राम सभा का चौमुखी विकास हो और गांव स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित बने।”
उन्होंने आगे कहा कि गांव में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। गांव की साफ-सफाई, सड़क, नाली, पेयजल सहित बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ प्रयास किया जाएगा। उनका प्रयास रहेगा कि विकास का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और किसी भी जरूरतमंद को सरकारी योजनाओं एवं मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहना पड़े।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव सामने रखे। सुनील कुमार ने सभी की बातें ध्यानपूर्वक सुनीं और भरोसा दिलाया कि वे हमेशा गांव के लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहेंगे। उनके इस प्रयास की ग्रामीणों के बीच चर्चा रही।
इस मौके पर गांव के बुजुर्गों के साथ बड़ी संख्या में युवा साथी एवं ग्रामीण मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को समझना, जरूरतमंदों की सहायता करना और गांव के सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक प्रयास को आगे बढ़ाना रहा।
