मेजा क्षेत्र में 8 किलो गांजा के साथ युवक गिरफ्तार, मेजा पुलिस ने की कार्रवाई

मेजा क्षेत्र में 8 किलो गांजा के साथ युवक गिरफ्तार, मेजा पुलिस ने की कार्रवाई

 

आदर्श सहारा टाइम्स

मेजा, प्रयागराज। मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन संजीवनी के तहत मेजा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट प्रयागराज एवं अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त यमुनानगर के पर्यवेक्षण में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी एवं बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 21 सितंबर 2026 की रात करीब 11:48 बजे मेजा पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने मदरा मुकुंदपुर घाट के किनारे बाबा अंबेडकर के बाग के पास घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 8 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने गिरफ्तार युवक की पहचान मोनू शुक्ला पुत्र श्यामसुंदर, निवासी बिसहिजन खुर्द, चौकी मेजा रोड, थाना मेजा, प्रयागराज, उम्र करीब 38 वर्ष के रूप में की है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गांजा बेचने के लिए ले जा रहा था। उसके अनुसार वह गंगापार से गांजा लेकर मेजा रोड क्षेत्र में बेचने की फिराक में था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसके पास गांजा बेचने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं है और वह चोरी-छिपे इसकी बिक्री करता था। गांजा उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति के संबंध में आरोपी ने बताया कि वह उससे पहली बार मिला था और उसे पहचानता नहीं है।
बरामदगी के आधार पर थाना मेजा में मु0अ0सं0 486/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
उ0नि0 कमलेश कुमार गिरि, थाना मेजा
उ0नि0 उमेश कुमार, थाना मेजा
हे0का0 सर्वजीत चौहान, थाना मेजा
रि0का0 शिवम कुमार राय, थाना मेजा
रि0का0 राहुल कुमार, थाना मेजा
पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *