मुक्त विश्वविद्यालय में स्व-गणना के लिए जागरूकता प्रशिक्षण
डिजिटल होगी इस बार की जनगणना, घर बैठे खुद भर सकेंगे फॉर्म
आदर्श सहारा टाइम्स
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज में सोमवार को जनगणना-2027 को लेकर स्व-गणना जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को जनगणना की नई प्रक्रिया, डिजिटलीकरण और सेल्फ-एन्यूमरेशन के बारे में विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
सरस्वती परिसर स्थित अटल प्रेक्षागृह में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.ए.के. सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में सबसे पहले विश्वविद्यालय की जनगणना-2027 की नोडल अधिकारी प्रो. श्रुति ने स्वतंत्र भारत में अब तक हुई सभी 8 जनगणनाओं की विशेषताओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि हर जनगणना में कुछ नया जोड़ा गया है। पहली जनगणना से लेकर अब तक जनगणना का स्वरूप बदलता रहा है। पहले कागज पर गणना होती थी, अब डिजिटल युग आ गया है। उन्होंने बताया कि 2027 की जनगणना अब तक की सबसे आधुनिक और तकनीक आधारित जनगणना होगी। इसमें आम नागरिक की भागीदारी पहले से कहीं ज्यादा होगी।
इसके बाद विश्वविद्यालय के कुलसचिव विनय कुमार ने जनगणना-2027 के डिजिटलीकरण पर विस्तार से बात रखी। उन्होंने बताया कि डिजिटलीकरण क्यों जरूरी है और इसके क्या-क्या फायदे हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल जनगणना से समय बचेगा, खर्च कम होगा और आंकड़ों में गलती की संभावना भी कम होगी। कागजी फॉर्म भरने में अक्सर नाम, उम्र या पते में गलती हो जाती थी, लेकिन डिजिटल सिस्टम में उसे तुरंत जांचा और सुधारा जा सकेगा। इससे आंकड़े ज्यादा सटीक और भरोसेमंद होंगे। उन्होंने कहा कि डिजिटल जनगणना देश को तेजी से विकास की दिशा में ले जाएगी, क्योंकि सही आंकड़ों के आधार पर ही सही योजनाएं बनती हैं।
स्कूल ऑफ साइंसेज के निदेशक प्रो. आशुतोष गुप्ता ने जनगणना-2027 के शुरुआती चरणों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि जनगणना शुरू करने से पहले किन-किन तैयारियों की जरूरत होती है, मकानों की सूची कैसे बनाई जाती है और गणना करने वाले कर्मचारियों को कैसे प्रशिक्षण दिया जाता है। उन्होंने जनगणना के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि जनगणना सिर्फ लोगों को गिनने का काम नहीं है। इससे पता चलता है कि देश में कितने बच्चे पढ़ रहे हैं, कितने लोगों को रोजगार मिला है, कितने घरों में शौचालय, बिजली, पानी और इंटरनेट की सुविधा है। इन्हीं आंकड़ों से सरकार गांव, शहर और जिले के विकास की योजना बनाती है।
जनगणना विभाग के सहायक निदेशक एवं नोडल अधिकारी प्रयागराज जे.के. श्रीवास्तव ने बताया कि जनगणना-2027 में हाउसहोल्ड को कैसे परिभाषित किया गया है। उन्होंने कहा कि एक ही छत के नीचे रहने वाला, एक ही रसोई में खाना खाने वाला परिवार एक हाउसहोल्ड माना जाएगा। किराये पर रहने वाले, हॉस्टल में रहने वाले विद्यार्थी और अलग-अलग परिवारों की गणना कैसे होगी, इस बारे में भी उन्होंने विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि हाउसहोल्ड की सही परिभाषा समझना बहुत जरूरी है, क्योंकि इसी से परिवार का सही आंकड़ा सामने आएगा।
नगर निगम प्रयागराज के चार्ज ऑफिसर सुदर्शन चंद्रा ने प्रयागराज में जनगणना की तैयारियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि प्रयागराज बड़ा जिला है, यहां शहर और गांव दोनों की आबादी है। यहां जनगणना कराना बड़ी जिम्मेदारी है। इसके लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है और लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जनगणना कर्मी जब घर आएं तो उन्हें सही जानकारी दें और सहयोग करें।
जनसंपर्क अधिकारी डॉ प्रभात चन्द्र मिश्र ने बताया कि कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर्स के रूप में राजस्व निरीक्षक कमलेश पांडेय, कर्नलगंज इंटर कॉलेज के प्रवक्ता एवं फील्ड ट्रेनर रविंद्र कुमार सिंह, नीरज कुमार दीक्षित, मनोज कुमार और रोहित नंदन विश्वकर्मा ने भी प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने कई सवाल भी पूछे। जैसे — अगर किसी के पास मोबाइल नहीं है तो क्या होगा, अगर किसी की जानकारी गलत भर गई तो उसे कैसे सुधारा जाएगा, लड़का विदेश में है, उसकी गणना कैसे होगी। किराये पर रहने वालों की गणना कहां होगी। मास्टर ट्रेनर्स ने सभी सवालों के सरल भाषा में जवाब दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना में सभी की जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, इसलिए किसी को डरने की जरूरत नहीं है। अंत में सभी प्रतिभागियों से आह्वान किया गया कि वे सेल्फ-एन्यूमरेशन की जानकारी अपने परिवार और मोहल्ले तक पहुंचाएं, ताकि जनगणना-2027 में कोई भी व्यक्ति छूट न जाए। डॉ अनुज कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
