उरुवा ब्लाक में सेवा संकल्प योजना के तहत कृषि विभाग लगाएगा जागरूकता कार्यक्रम

उरुवा ब्लाक में सेवा संकल्प योजना के तहत कृषि विभाग लगाएगा जागरूकता कार्यक्रम

आदर्श सहारा टाइम्स

उरुवा, प्रयागराज। सेवा संकल्प योजना के अंतर्गत आज 29 सितंबर को दोपहर 12 बजे से विकासखंड उरुवा परिसर में कृषि विभाग द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में किसानों को कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान किसानों के लिए बीज बुकिंग, फार्मर रजिस्ट्री तथा मृदा स्वास्थ्य कार्ड से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा कृषि रक्षा उपकरण एवं दवाओं पर मिलने वाले अनुदान की प्रक्रिया और पात्रता के बारे में भी किसानों को विस्तार से बताया जाएगा।
वहीं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के जिन लाभार्थी किसानों की किस्त किसी कारण से रुकी हुई है, उन्हें किस वजह से भुगतान रुका है और उसे ठीक कराने के लिए क्या प्रक्रिया अपनानी होगी, इसकी भी जानकारी कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा दी जाएगी। कृषि विभाग की ओर से क्षेत्र के सभी किसान भाइयों से कार्यक्रम में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लेने की अपील की गई है। किसानों से कहा गया है कि वे अपने साथ आधार कार्ड और आधार से लिंक मोबाइल फोन अवश्य लेकर आएं, ताकि आवश्यक कार्यवाही मौके पर ही की जा सके। कार्यक्रम में सभी किसान बंधुओं को सादर आमंत्रित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *