श्रमिकों के लिए विशेेष स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सीय जांच हेतु लेबर अड्डो पर सघन जागरूकता शिविर का किया गया आयोजन
शिविर में श्रमिकों को योजनाओं एवं यूपी डिजिटल लेबर चौक मोबाइल ऐप के बारे में दी गयी जानकारी, श्रमिकों का किया गया स्वास्थ्य परीक्षण
श्रमिकों के लिए 05 सितम्बर तक विशेष जागरूकता कैम्प का किया जा रहा है आयोजन
श्रमिक आवश्यक प्रपत्रों एवं 90 दिन के कार्य प्रमाण-पत्र के साथ कैम्प में उपस्थित होकर करायें अपना पंजीयन तथा मुफ्त स्वास्थ्य परीक्षण का उठायें लाभ
आदर्श सहारा टाइम्स
प्रयागराज । सहायक श्रम आयुक्त, डॉ0 संजय कुमार लाल ने बताया है कि निर्माण श्रमिकों के सर्वांगीण विकास, सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा और उत्तम स्वास्थ्य के लिए उ0प्र0 भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार, श्रमिक पंजीयन, श्रमिक नवीनीकरण के साथ-साथ श्रमिकों के लिए विशेेष स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सीय जांच हेतु जनपद के प्रमुख श्रमिक अड्डों पर दिनांक 05.09.2026 तक समय पूर्वान्ह 08 बजे से 11 बजे तक पांच दिवसीय विशेष जागरूकता कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के तहत शहर के उन हिस्सों को लक्षित किया गया, जहॉं सुबह के समय दिहाड़ी मजदूर काम की तलाश में इकट्ठा होते हैं।
आज दिनांक 01.09.2026 को विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम द्वारा मटियारा रोड (अल्लापुर), रामबाग लेबर अड्डा, नैनी कॉटन मिल चौराहा लेबर अड्डा, राजापुर लेबर अड्डा एवं तेलियरगंज लेबर अड्डा पर सघन जागरूकता शिविर लगाये गये। कैम्प में उपस्थित दिहाड़ी निर्माण श्रमिकों को बार्ड की योजनाओं के लाभ उठाने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गयी तथा उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
कैम्प के दौरान श्रमिकों को विशेष रूप से बी0ओ0सी0 बोर्ड द्वारा लॉन्च किये गये UP Digital Labour Chowk, मोबाइल ऐप के बारे में प्रशिक्षित किया गया। इस सम्बन्ध में श्रमिकों को बताया गया कि इस ऐप के माध्यम से श्रमिक अब घर बैठे ही अपना पंजीकरण, नवीनीकरण तथा विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं। साथ ही इस डिजिटल प्लेटफार्म की मदद से श्रमिकों को रोजगार ढूंढ़ने और सीधे रोजगार प्रदाताओं से जुड़ने में भी मदद मिलेगी।
कैम्प में उपस्थित कई श्रमिकों का मौके पर ही पंजीकरण किया गया तथा बन्द पड़े श्रमिक कार्डों का नवीनीकरण कर उन्हें दोबारा योजनाओं से जोड़ा गया। इसके अतिरिक्त श्रमिकों को बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं, यथा-कन्या विवाह सहायता योजना, मातृत्व शिशुु हितलाभ योजना, मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना एवं संत रविदास शिक्षा सहायता योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के पत्रक भी वितरित किये गये। साथ ही निर्माण श्रमिकों सहित असंगठित क्षेत्र के श्रमिक, जो ई-श्रम कार्ड से आच्छादित नहीं है, उन्हें अपना पंजीयन कराने हेतु बताया गया। श्रमिक भाइयों से यह भी अपील की गयी कि वह किसी बिचौलिए के चक्कर न पड़कर सीधे विभाग की आधिकारिक वेबसाइट या डिजिटल लेबर चौक ऐप का उपयोग करें। समस्त श्रमिक भाई-बहन अपने आधार कार्ड, बैंक पासबुक, 02 फोटो और 90 दिन के कार्य प्रमाण-पत्र के साथ इस कैम्प में उपस्थित होकर अपना पंजीयन करायें और मुफ्त स्वास्थ्य लाभ उठायें। पुराने श्रमिक, जिनकी सदस्यता समाप्त हो रही है, वह भी मौके पर उपस्थित होकर अपना नवीनीकरण कराना सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी श्रमिक बोर्ड के किसी भी योजना के लाभ से वंचित न रह जायें।
