जिलाधिकारी ने 28 एवं 29 नवंबर को भी आयोजित होने वाले विशेष अभियान दिवस के सम्बंध में सिविल डिफेंस, व्यापार मण्डल व संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
सहारा सन्देश टाइम्स
प्रयागराज। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा शुक्रवार को संगम सभागार में निर्वाचक नामावलियों के चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत 28 एवं 29 नवम्बर, 2026 को आयोजित होने वाले विशेष अभियान दिवस के सम्बंध में सिविल डिफेंस एवं व्यापार मण्डल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करते हुए युवा एवं छूटे हुए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाने के कार्य में सहयोग की अपील की। जिलाधिकारी ने सिविल डिफेंस एवं व्यापार मण्डल के प्रतिनिधियों को युवा एवं छूटे हुए मतदाताओं को जागरूक करते हुए मतदाता सूची में उन्हें अपना नाम शामिल किए जाने के लिए फार्म-6 भरे जाने के लिए प्रेरित करने के लिए कहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि 28 एवं 29 नवम्बर को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। कहा कि जो भी पात्र मतदाता है और अभी तक उनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, उनको जागरूक करते हुए विशेष अभियान दिवस पर बूथों तक ले आकर उनसे फार्म-6 भरवाने एवं उनका नाम मतदाता सूची में शामिल करायें जाने में सहयोग प्रदान करने के लिए कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष अभियान दिवस पर सभी बीएलओ अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहेंगे। उन्होंने सभी बूथों पर पर्याप्त संख्या में फार्म-6 की उपलब्धता बनाये रखने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता आयोग के एप ECINET mobile app एवं वेबसाइट https://voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन भी अपना फार्म-6 भरकर के मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करा सकता है। उन्होंने शहर की तीनों विधान सभाओं में पुनरीक्षण के कार्य की प्रगति धीमी पाये जाने पर सिविल डिफेंस एवं व्यापार मण्डल सहित अन्य संगठन के सदस्यों से अपील करते हुए घर-घर जाकर लोगो को जागरूक करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि जिन पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, उनको अभियान दिवस पर प्रेरित करके बूथ तक लाने के लिए जागरूक करें या ऐसे युवा एवं छूटे हुए मतदाताओं को ऑनलाइन फार्म-6 भरने के लिए प्रेरित करें। जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षण को महाविद्यालयों में कैम्प लगाकर नए युवा मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराये जाने के लिए कहा है।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी निर्वाचन अधिकारी श्रीमती उपमा पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी नगर श्री मंगलेश दुबे, नगर मजिस्ट्रेट श्री विनय कुमार सिंह सहित सिविल डिफेंस, व्यापार मण्डल के सदस्यगणों के साथ सम्बंधित ईआरओ व अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
