मां शीतला धाम में बिना रिकॉर्ड और प्रमाण पत्र के हो रहे विवाह, व्यवस्था पर उठे सवाल
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा, प्रयागराज। रामनगर स्थित प्रसिद्ध मां शीतला धाम में हर महीने दर्जनों जोड़ों के विवाह कराए जाने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि इन विवाहों का न तो कोई लिखित रिकॉर्ड रखा जा रहा है और न ही वर-वधू को विवाह से संबंधित कोई प्रमाण पत्र या रसीद दी जा रही है। आस्था के इस प्रमुख केंद्र में लंबे समय से चली आ रही इस व्यवस्था को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। विडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर मचा हड़कंप।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मां शीतला धाम में विवाह कराना कम खर्चीला और आसान माना जाता है। यही वजह है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार भी यहां पहुंचकर अपने बच्चों का विवाह संपन्न कराते हैं। मंदिर में पंडित द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह की रस्में पूरी करा दी जाती हैं और इसके बाद वर-वधू अपने घर लौट जाते हैं। लेकिन विवाह संपन्न होने के बाद दंपति के पास ऐसा कोई दस्तावेज नहीं होता, जिससे भविष्य में विवाह का प्रमाण प्रस्तुत किया जा सके।
प्रमाण पत्र के अभाव में दंपतियों को होती है परेशानी
विवाह के बाद जब दंपतियों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने, राशन कार्ड में पत्नी का नाम जुड़वाने, आधार संबंधी कार्यों, बैंकिंग सेवाओं अथवा अन्य जरूरी दस्तावेजों में वैवाहिक स्थिति दर्ज कराने की आवश्यकता पड़ती है, तब उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। विवाह का लिखित प्रमाण न होने के कारण कई बार दंपतियों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
उम्र और पहचान की जांच नहीं होना भी चिंता का विषय
इस पूरी व्यवस्था में सबसे गंभीर सवाल वर-वधू की उम्र और पहचान के सत्यापन को लेकर है। यदि विवाह से पहले उम्र और पहचान से संबंधित दस्तावेजों की जांच नहीं होती और कोई रजिस्टर भी नहीं रखा जाता, तो बाल विवाह जैसी घटनाओं की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय स्तर पर नाबालिगों के विवाह को लेकर भी चर्चाएं होती रही हैं, लेकिन लिखित रिकॉर्ड के अभाव में ऐसे मामलों की पुष्टि और जांच करना मुश्किल हो जाता है।
प्रशासन से व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग
ग्रामीणों और समाजसेवियों ने जिला प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मां शीतला धाम में विवाह संबंधी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि विवाह कराने से पहले वर-वधू के पहचान पत्र और निर्धारित आयु से संबंधित प्रमाण पत्रों का सत्यापन अनिवार्य किया जाए। साथ ही विवाह का विधिवत रजिस्टर बनाया जाए और विवाह संपन्न होने के बाद संबंधित जोड़े को लिखित प्रमाण या आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर विवाह कराना किसी की आस्था और आर्थिक स्थिति से जुड़ा विषय हो सकता है, लेकिन विवाह जैसी महत्वपूर्ण सामाजिक और कानूनी प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा नियमों का पालन भी उतना ही जरूरी है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में कब संज्ञान लेता है और मां शीतला धाम में विवाह व्यवस्था को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं।
