संदिग्ध परिस्थितियों में गुलरिया बांध के पास पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी बरकरार
आदर्श सहारा टाइम्स
मांडा, (प्रयागराज)। मांडा थाना क्षेत्र के तीसेन तुलापुर गांव निवासी एक युवक का शव गुलरिया बांध के समीप पेड़ से लटकता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान अनिल कुमार तिवारी पुत्र शिवमणि तिवारी निवासी तीसेन तुलापुर के रूप में हुई है। स्थानीय ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मांडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। मामला हत्या का है या आत्महत्या का, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं, परिजनों और ग्रामीणों को पुलिस जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
