मांडा थाना समाधान दिवस बना औपचारिकता, राजस्व विभाग के कर्मचारी नदारद; फरियादी निराश होकर लौटे

मांडा थाना समाधान दिवस बना औपचारिकता, राजस्व विभाग के कर्मचारी नदारद; फरियादी निराश होकर लौटे

आदर्श सहारा टाइम्स

मांडा (प्रयागराज)। शासन की मंशा है कि थाना समाधान दिवस के माध्यम से आम जनता की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया जाए, लेकिन मांडा थाने में आयोजित समाधान दिवस की तस्वीर कुछ अलग ही नजर आई। शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में थाना प्रभारी कुलदीप शर्मा मौजूद रहे, लेकिन राजस्व विभाग का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी उपस्थित नहीं रहा। ऐसे में अपनी जमीन और राजस्व संबंधी समस्याओं को लेकर पहुंचे फरियादियों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, समाधान दिवस में लगभग पांच प्रार्थना पत्र आए। इसके अलावा कई फरियादी राजस्व संबंधी शिकायतें लेकर पहुंचे थे। लेकिन राजस्व विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की अनुपस्थिति के कारण उनकी समस्याओं पर सुनवाई नहीं हो सकी। फरियादियों को बिना समाधान के ही वापस जाना पड़ा।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब थाना समाधान दिवस में राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी ही मौजूद नहीं रहेंगे तो जमीन संबंधी विवादों का समाधान आखिर कैसे होगा? शासन द्वारा निर्धारित इस व्यवस्था का उद्देश्य आम जनता को राहत पहुंचाना है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की गैरमौजूदगी में यह व्यवस्था केवल औपचारिकता बनकर रह जाती है।
वहीं, जनसुनवाई पोर्टल (IGRS) के माध्यम से उच्च अधिकारियों तक शिकायत पहुंचाने वाले फरियादियों की भी अलग परेशानी है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि कई मामलों में मौके पर निष्पक्ष जांच किए बिना ही संबंधित विभाग के निचले स्तर के अधिकारी रिपोर्ट लगाकर शिकायत का निस्तारण दिखा देते हैं। इससे फरियादियों को वास्तविक राहत नहीं मिल पाती और वे एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय तक चक्कर लगाने को मजबूर होते हैं।
अब सवाल यह है कि जब समाधान दिवस में संबंधित विभाग के अधिकारी ही मौजूद नहीं होंगे और ऑनलाइन शिकायतों पर भी निष्पक्ष जांच नहीं होगी, तो आम जनता को न्याय और राहत कैसे मिलेगी? क्या उच्चाधिकारी इस लापरवाही का संज्ञान लेकर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *