जर्जर बिजली के पोल और लटकते तारों से हादसे का खतरा, ग्रामीणों में आक्रोश
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा। मेजा क्षेत्र स्थित ग्राम सभा जोकहाई में सड़क किनारे लगा जर्जर बिजली का पोल और नीचे लटकते बिजली के तार ग्रामीणों के लिए खतरे का सबब बने हुए हैं। पोल की जर्जर हालत और लटकते तारों को देखकर ग्रामीणों में किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही के चलते यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। इस संबंध में कई बार विभाग के उच्च अधिकारियों से शिकायत भी की गई, लेकिन आज तक न तो जर्जर बिजली के पोल को बदला गया और न ही लटकते तारों को दुरुस्त कराया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के बगल में होने के कारण यहां से गुजरने वाले राहगीरों और स्थानीय लोगों पर हमेशा खतरा मंडराता रहता है। यदि समय रहते बिजली विभाग ने समस्या का समाधान नहीं किया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
विभाग की अनदेखी से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि जल्द से जल्द जर्जर पोल को बदलवाकर लटकते बिजली के तारों को ठीक कराया जाए, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।
