मेजा ऊर्जा निगम द्वारा कोहड़ार क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता अभियान का आयोजन

मेजा ऊर्जा निगम द्वारा कोहड़ार क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता अभियान का आयोजन

आदर्श सहारा टाइम्स

मेजा,प्रयागराज। भारत सरकार के “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के अंतर्गत मेजा ऊर्जा निगम प्राइवेट लिमिटेड (MUNPL) द्वारा अपने नैगम सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत स्थानीय कोहड़ार पुलिस चौकी तिराहा, सब्जी मंडी एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान संचालित किया गया।

मेजा ऊर्जा निगम द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत “स्वच्छता ही सेवा” अभियान का आयोजन 16 मई से 31 मई, 2026 तक किया गया। इसी क्रम में आयोजित इस विशेष स्वच्छता अभियान का उद्देश्य न केवल क्षेत्र की साफ-सफाई सुनिश्चित करना था, बल्कि स्थानीय समुदाय में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वच्छ वातावरण के महत्व को रेखांकित करना भी था।

इस अवसर पर मेजा ऊर्जा निगम के वरिष्ठ अधिकारियों में श्री विवेक चन्द्रा (विभागाध्यक्ष, मानव संसाधन),  मनोज वर्मा (उप महाप्रबंधक, मानव संसाधन) एवं डॉ. प्रशांत शुक्ला (महासचिव, मुस्कान) सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही कोहड़ार पुलिस चौकी के प्रभारी, पुलिसकर्मी, ग्राम प्रधान तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।

अभियान के दौरान बाजार परिसर, सब्जी मंडी एवं आसपास के सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की गई तथा स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। उपस्थित जनसमूह को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है।

मेजा ऊर्जा निगम का मानना है कि स्वच्छता एक स्वस्थ एवं विकसित समाज की आधारशिला है। जन-जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता तथा निरंतर प्रयासों के माध्यम से ही स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण का निर्माण संभव है। जब समाज के सभी वर्ग स्वच्छता के प्रति जागरूक होकर एकजुटता से कार्य करेंगे, तभी स्वच्छ, स्वस्थ एवं समृद्ध भारत के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकेगा।

यह पहल केवल भौतिक स्वच्छता तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व, सामुदायिक सहभागिता एवं सकारात्मक नागरिक चेतना को भी प्रोत्साहित करने का एक सशक्त प्रयास है। “स्वच्छता ही सेवा” अभियान प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संदेश प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *