शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने में समय प्रबंधन और सरकारी योजनाएं प्रभावी: राजू यादव
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा, प्रयागराज। ब्लॉक मेजा के अंतर्गत स्थानीय प्राधिकारियों, ग्राम प्रधानों और अभिभावकों के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण एवं कार्यशाला का आयोजन विष्णु वाटिका गेस्ट हाउस में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, निपुण भारत लक्ष्यों की प्राप्ति और तकनीकी युग में शिक्षकों की प्रासंगिकता पर गंभीर चर्चा की गई।
कार्यशाला के मुख्य अतिथि, राज्य विधि अधिकारी (समग्र शिक्षा) राजू यादव ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने शिक्षकों को समय की महत्ता समझाई। उन्होंने कहा, “यदि शिक्षक अपने समय का सही प्रबंधन करें, तो इसका सीधा सकारात्मक प्रभाव छात्रों और स्थानीय समुदाय पर पड़ेगा।” उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान में संचालित सरकारी योजनाएं पहले से कहीं अधिक सुदृढ़ हैं और शिक्षा के स्तर को ऊपर उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने सभी को शासनादेशों का संग्रह करने और स्कूलों में ‘पेपर रीडिंग’ की योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने का सुझाव दिया।
उन्मुखीकरण कार्यशाला विशिष्ट अतिथि योगेश शुक्ल ने आधुनिक तकनीक पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज भले ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ने हर क्षेत्र में जगह बना ली है, लेकिन वह कभी भी ‘गुरु’ का विकल्प नहीं बन सकता। उन्होंने परिषदीय शिक्षकों द्वारा दी जाने वाली रचनात्मक और संरचनात्मक शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया।
खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) कैलाश सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संगोष्ठी के मुख्य बिंदुओं को सभी के सामने साझा किया। ARP प्रवीण दुबे और विकास यादव ने ‘निपुण भारत मिशन’ के तहत संचालित गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख गंगा प्रसाद मिश्र ने की।
गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर प्रधान संघ अध्यक्ष सुरेश तिवारी, काजी मुहज्ज्म, अनिल पांडेय, शिव प्रसाद, पंकज राव, नंदलाल, और सुषमा सहित दो दर्जन से अधिक ग्राम प्रधान और स्कूल प्रबंध समिति (SMC) के अध्यक्ष उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक संघ के अध्यक्ष मनीष तिवारी ने किया। अंत में बी.के. मिश्र और रोहित तिवारी ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन में आकांक्षा यादव शैलजा सिंह मूर्ति खरबंदा श्रीदेवी अनामिका पांडेय को समानित किया।
