जिलाधिकारी की अध्यक्षता में 41वीं इंदिरा मैराथन की तैयारियों के सम्बंध में बैठक सम्पन्न
जिलाधिकारी ने सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को अपने विभागों से सम्बंधित तैयारियों को समय से सुनिश्चित कराने के दिए निर्देश
आदर्श सहारा टाइम्स
प्रयागराज । जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को संगम सभागार में 41 वीं अखिल भारतीय प्राइजमनी इंदिरा मैराथन की तैयारियों के सम्बंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों के अधिकारियों को अपने विभागों से सम्बंधित तैयारियों को समय से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पीडब्लूडी एवं एनएच के अधिकारियों को मैराथन मार्ग का निरीक्षण करने तथा यदि कहीं मार्ग पर गड्ढ़े इत्यादि हो, तो उन्हें ठीक कराये जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने नगर निगम को साफ-सफाई, पीने के पानी, मोबाइल टॉयलेट सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। साथ ही साथ जिलाधिकारी ने नगर निगम को यह भी निर्देशित किया है कि इंदिरा मैराथन मार्ग पर कहीं पर भी छुट्टे जानवर इत्यादि न रहे। स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सकों, दवा की किटों के साथ-साथ एम्बुलेंस की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराये जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक यातायात से ट्रैफिक की व्यवस्था कराने के लिए कहा है। उन्होंने क्षेत्रीय क्रीडा अधिकारी को सिविल डेफेंस, एनएसएस, एनसीसी तथा अन्य संगठनों से भी समन्वय बनाते हुए उनसे सहयोग लेने के लिए कहा है।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी द्वारा बताया गया कि 19.11.2026 को आयोजित होने वाली 41वीं इंदिरा मैराथन में प्रथम विजेता को 2 लाख, द्वितीय को 1 लाख एवं तृतीय विजेता को 75000 की धनराशि के साथ 11 लोगों को 10-10 हजार सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इंदिरा मैराथन को लेकर सारी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएगी।
इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट विनय कुुमार सिंह, पुलिस विभाग के अधिकारी, क्षेत्रीय क्रीडा अधिकारी शिव कुमार यादव, सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
