सिरसा पांटून पुल का निर्माण धीमी दिसंबर के अंत तक आवागमन शुरू होने के आसार
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा ,प्रयागराज। सिरसा पांटून पुल का निर्माण धीमी दिसंबर के अंत तक आवागमन शुरू होने के आसार
मेजा क्षेत्र व हंडिया क्षेत्र के बीच यातायात को सुलभबनाने के लिए सिरसा गंगा फेरी घाट पांटून पुल में अभी कुछ दिन और लगेंगे। पुल निर्माण की सुस्त गति और घाट पर दलदली जमीन होने की वजह से पुल निर्माण में कई बार व्यवधान आने से इस पर अभी आवागमन चालू नहीं हो सका है। इसके जरिए यात्रा करने वाले लोगों को अभी इंतजार करना होगा।
सिरसा में गंगा फेरी घाट पर बनने वाला पांटून पुल इस वर्ष पिछले साल की तुलना में देरी से तैयार हो पायेगा। बीते वर्ष जहां 12 दिसंबर को ही पांटून पुल आमजन के आवागमन के लिए खोल दिया गया था, वहीं इस बार निर्माण कार्य समय से पूरा नहीं हो पाने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी अनुसार पांटून पुल तक पहुंचने वाले मार्ग पर अत्यधिक कीचड़ और दलदली जमीन के चलते रास्ता अवरुद्ध हो गया था। इससे निर्माण सामग्री घाट तक पहुंचाने में भारी दिक्कतें आई और कार्य में विलंब हुआ। पांटून पुल के ठेकेदार अभी निषाद ने बताया कि मार्ग निर्माण सबसे बड़ी चुनौती रहा, दलदली जमीन के कारण रास्ता बनाना कठिन था, जिससे कार्य प्रभावित हुआ। अभी एप्रोच मार्ग पर कार्य जारी है। ठेकेदार ने बताया कि पांटून पुल लगभग पूरी तरह तैयार हो चुका है। गंगा के उस पार केवल 4 से 5 पीपे लगाए जाने शेष हैं। कार्य पूरा होते ही पुल को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। अंतिम सप्ताह तक पांटून पुल पर आवागमन शुरू हो जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। कस्बे के व्यापार पर भी अनुकूल असर पड़ता है। यह पीपा पुल मध्य प्रदेश तक के लोगों को सहूलियत देता है। व्यापारियों व ग्रामीणो ने पुल निर्माण में हो रही देरी से आक्रोश जताया है।
