ठंड के मौसम में सेहत का रखें विशेष ध्यान, लापरवाही पड़ सकती है भारी – डॉ. भूपेंद्र चौधरी
सुबह-शाम घर से निकलते समय रखें विशेष ध्यान, शरीर को गर्म रखना जरूरी
आदर्श सहारा टाइम्स
कोरांव, प्रयागराज। सर्दी का मौसम शुरू होते ही ठंड का असर लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है। सुबह और शाम के समय बढ़ती ठंड के चलते सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार तथा सांस संबंधी परेशानियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। ठंड के मौसम में बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। इस संबंध में चौधरी हेल्थ केयर के डॉ. भूपेंद्र चौधरी ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए जरूरी सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि सर्दियों में शरीर को गर्म रखना, खानपान पर ध्यान देना और साफ-सफाई बनाए रखना बेहद जरूरी है।
**ठंड में क्या करें?**
डॉ. भूपेंद्र चौधरी ने बताया कि ठंड के मौसम में गर्म कपड़े पहनें और विशेष रूप से सिर, कान, हाथ तथा पैरों को ढककर रखें। सुबह और देर शाम अनावश्यक रूप से ठंड में बाहर निकलने से बचें। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और गर्म व पौष्टिक भोजन को अपनी दिनचर्या में शामिल करें। मौसमी हरी सब्जियां, फल और संतुलित आहार का सेवन करें। घर और आसपास साफ-सफाई रखें तथा नियमित रूप से हाथ धोएं। बच्चों और बुजुर्गों को ठंडी हवा से विशेष रूप से बचाकर रखें।
**ठंड में क्या न करें?**
उन्होंने कहा कि ठंड में बिना गर्म कपड़ों के बाहर न निकलें। सुबह-सुबह और रात में खुले स्थानों पर अधिक समय तक रहने से बचें। ठंड लगने पर लक्षणों को नजरअंदाज न करें और बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाइयों का सेवन न करें। बंद कमरे में कोयला या अंगीठी जलाकर न सोएं, क्योंकि इससे जहरीली गैस का खतरा हो सकता है। नहाने और हाथ-मुंह धोने के लिए अत्यधिक ठंडे पानी से बचें।
**इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज**
डा. चौधरी ने बताया कि लगातार बुखार, सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द, अत्यधिक कमजोरी या खांसी लंबे समय तक बने रहने पर चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। विशेषकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों की तबीयत बिगड़ने पर उपचार में देरी नहीं करनी चाहिए। अंत में उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि सर्दियों में अपनी सेहत के प्रति जागरूक रहें और सावधानी अपनाकर स्वयं तथा अपने परिवार को स्वस्थ रखें।
