ओम प्रकाश को मिली संगठन की बड़ी जिम्मेदारी, यमुनापार में व्यापार मंडल को मिलेगी नई मजबूती

ओम प्रकाश को मिली संगठन की बड़ी जिम्मेदारी, यमुनापार में व्यापार मंडल को मिलेगी नई मजबूती

प्रयागराज के महापौर रहे मुख्य तिथि, विशाल व्यापारी समागम में व्यापारियों की उमड़ी भीड़

आदर्श सहारा टाइम्स

कोरांव (प्रयागराज)। नगर पंचायत कोरांव स्थित लक्ष्मी गार्डन में राष्ट्रीय उद्योग व्यापार महासम्मेलन के तत्वावधान में विशाल व्यापारी समागम का भव्य एवं गरिमामयी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रयागराज के महापौर गणेश केशरवानी उपस्थित रहे। वहीं नगर पंचायत कोरांव के चेयरमैन ओम प्रकाश केशरी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं कुशल संयोजन किया। सम्मेलन में प्रयागराज, यमुनापार और गंगापार के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों की संख्या में व्यापारी शामिल हुए। पूरे आयोजन में व्यापारिक एकता, संगठन की मजबूती और व्यापारियों के अधिकारों को लेकर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान प्रयागराज व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष सुशांत केशरवानी ने नगर पंचायत कोरांव के चेयरमैन ओम प्रकाश केशरी को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष (यमुनापार) घोषित किया। इस घोषणा के बाद उपस्थित व्यापारियों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्रदेश संयोजक मनीष कुमार गुप्ता, यमुनापार प्रभारी अखिलेश मिश्रा सहित संगठन के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। सम्मेलन में कोरांव, लेडियारी, खीरी, बड़ोखर, खजूरी, सिरियारी, भोगन, लालतारा, मेजा, रामनगर सहित विभिन्न बाजारों से बड़ी संख्या में व्यापारी पहुंचे। व्यापारियों की व्यापक भागीदारी ने सम्मेलन को विशेष बना दिया।
नवनियुक्त वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष (यमुनापार) ओम प्रकाश केशरी ने सम्मेलन में पहुंचे सभी व्यापारी भाइयों, अतिथियों एवं संगठन के पदाधिकारियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की एकता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। सभी व्यापारी आपसी मतभेद भुलाकर एक मंच पर आएं और व्यापारिक हितों, अधिकारों एवं समस्याओं के समाधान के लिए संगठित होकर कार्य करें। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन के माध्यम से व्यापारियों की आवाज को मजबूती मिलेगी और उनकी समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाया जाएगा। सम्मेलन के दौरान सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में सराहनीय योगदान देने वाली कोरांव नगर पंचायत की विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों एवं छठ पूजा समितियों को भी सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के माध्यम से क्षेत्र में आपसी सद्भाव, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूती मिलती है।
विशाल व्यापारी समागम ने कोरांव में व्यापारिक एकजुटता का संदेश देते हुए संगठन के विस्तार और व्यापारियों के हितों की रक्षा के संकल्प को नई दिशा प्रदान की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *