सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर में विश्व कैंसर दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ
आदर्श सहारा टाइम्स
उरुवा, प्रयागराज। आज दिनांक 04 फरवरी 2026 को विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर, उरुवा, प्रयागराज में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना, इसके कारणों, लक्षणों और बचाव के उपायों की जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. सुरेश सिंह ने की। इस अवसर पर डॉ. संदीप सिंह (एनसीडी विभाग) तथा डॉ. दीपक तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत विश्व कैंसर दिवस की थीम पर प्रकाश डालते हुए की गई। वक्ताओं ने बताया कि कैंसर एक जानलेवा बीमारी है, लेकिन समय पर पहचान और सही उपचार से इससे बचाव संभव है।
डॉ. संदीप सिंह ने गैर-संचारी रोगों (NCD) के अंतर्गत कैंसर की रोकथाम पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि तंबाकू, शराब, असंतुलित आहार और शारीरिक निष्क्रियता कैंसर के प्रमुख कारण हैं। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित भोजन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।
डॉ. दीपक तिवारी ने कैंसर के प्रारंभिक लक्षणों की जानकारी देते हुए बताया कि शरीर में किसी भी प्रकार की असामान्य गांठ, लगातार वजन घटना, लंबे समय तक घाव न भरना या असामान्य रक्तस्राव जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और तुरंत चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।
अधीक्षक डॉ. सुरेश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर कैंसर की स्क्रीनिंग और जागरूकता कार्यक्रम लगातार चलाए जा रहे हैं ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोग समय रहते जांच करवा सकें। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं भी जागरूक बनें और दूसरों को भी जागरूक करें।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों और मरीजों को कैंसर से बचाव से संबंधित जानकारी दी गई तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर मनोज कुमार,सन्दीप कुमार केंद्र के चिकित्सक, कर्मचारी और मरीज बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
