मेजा क्षेत्र में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, मौत से मचा कोहराम
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा । रामनगर क्षेत्र के माता का पूरा गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 32 वर्षीय युवक का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आलोक श्रीवास्तव पुत्र साकेत श्रीवास्तव, उम्र करीब 32 वर्ष, निवासी माता का पूरा, रामनगर ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी परिजनों और ग्रामीणों को हुई तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
बताया जा रहा है कि युवक ने फांसी क्यों लगाई, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी तक सामने नहीं आ सकी है। घटना के पीछे क्या कारण रहा, इस संबंध में परिजन भी कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं। युवक द्वारा इतना बड़ा कदम उठाए जाने से हर कोई स्तब्ध है।
सूचना मिलते ही रामनगर चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है तथा युवक की मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के संबंध में स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
