आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को वितरित किए गए नियुक्ति पत्र, पोषण किट पाकर खिले चेहरे

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को वितरित किए गए नियुक्ति पत्र, पोषण किट पाकर खिले चेहरे

आदर्श सहारा टाइम्स

उरुवा, प्रयागराज। विकास खंड उरुवा परिसर में प्रदेश सरकार के निर्देश पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को पोषण युक्त किट भी प्रदान की गई। नियुक्ति पत्र और पोषण सामग्री पाकर नवनियुक्त कार्यकत्रियों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से मंडल अध्यक्ष मेजा शैलेश पांडेय ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और आशा बहुओं के हित में लगातार महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों, गर्भवती महिलाओं और माताओं को पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें विभिन्न योजनाओं से जोड़कर समाज की मुख्यधारा में आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। आंगनबाड़ी कार्यकत्री और आशा बहुएं गांव-गांव तक सरकार की योजनाओं और स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सेवाओं को पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रही हैं।
समारोह के दौरान नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को विधिवत नियुक्ति पत्र सौंपे गए। वहीं पोषण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उन्हें पोषण युक्त किट भी वितरित की गई। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सभी नवनियुक्त कार्यकत्रियों को उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं और पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष उरुवा आशीष पटेल, हिंदू युवा वाहिनी यमुनापार महामंत्री सुनील तिवारी, खंड विकास अधिकारी मनोज कुमार, सीडीपीओ शिव कुमार मिश्र, विनय शुक्ल, सोनू मिश्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य तथा पोषण में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। समारोह सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *