मेजा रोड रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर मिला महिला का क्षत-विक्षत शव, पहचान के प्रयास जारी
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा, प्रयागराज। मेजा रोड रेलवे स्टेशन के पास रविवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह रेलवे ट्रैक पर महिला का शव पड़ा होने की सूचना आरपीएफ के एक कांस्टेबल ने जीआरपी को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस महिला की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है। साथ ही मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
