देश के 75वें गणतंत्र दिवस पर आर0 के0 ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस के प्रांगण में गणतंत्र दिवस मनाया गया

देश के 75वें गणतंत्र दिवस पर आर0 के0 ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस के प्रांगण में गणतंत्र दिवस मनाया गया

आदर्श सहारा टाइम्स

नैनी,प्रयागराज। देश के 75वें गणतंत्र दिवस पर आर0 के0 ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस के प्रांगण में गणतंत्र दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का प्रारम्भ संस्थान के चेयरमैन डाॅ0 आशुतोष त्रिपाठी के द्वारा मां सरस्वती की पूजा अर्चना से किया गया। इसके बाद ध्वजा रोहण संस्थान के प्रबन्ध निदेशक इं0 आशीष त्रिपाठी के द्वारा किया गया। तत्पश्चात फार्मेसी प्राचार्य डाॅ0 सी0एस0 सिंह, विधि प्राचार्य डाॅ0 मुहम्मद जफर, राम बाबू तिवारी एवं नर्सिंग प्राचार्या डाॅ0 विक्टोरिया देवी तथा पैरामेडिकल प्राचार्य डाॅ0 विशाल उपाध्याय के द्वारा आजादी के नायक महात्मा गांधी, सुभाष चन्द्र बोस एवं चन्द्र शेखर आजाद आदि की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम- ग्रुप डांस, देशभक्ति गीत एवं भाषण प्रस्तुत किये गये।
चेयरमैन डाॅ0 आशुतोष त्रिपाठी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्राचार्यों, शैक्षणिक कर्मचारियों, गैर शैक्षणिक कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को 75वें गणतंत्र दिवस पर शुभकामनायें देते हुये कहा कि हमें आजादी तो 15 अगस्त 1947 को प्राप्त हो गई थी लेकिन हमारा संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया। इस प्रकार हमारा देश आज 75 वर्ष का युवा देश है और इस देश मे निवास करने वाले सभी युवाओं पर देश को विकास के रास्ते पर ले जाने की सबसे ज्यादा जिम्मेदारी है। उन्होने कहा कि देश के संविधान का मूल उद्देश्य देश के सबसे निचले पायदान के व्यक्ति को भी देश के सर्वाेच्च पद पर आसीन होने का अवसर उपलब्ध कराना है बशर्ते आप उस योग्यता को धारण करते हों। यह संविधान सभी को भोजन, न्याय, आवास एवं शिक्षा तथा सुरक्षा समान रूप से प्रदान करता है। हमारे संविधान में विभिन्न प्रकार की पूजा पद्धतियों का वर्णन किया गया है सभी को अपने अपने धर्म, पूजा पद्धतियों को मानने का पूरा अधिकार है, कोई भी धर्म पूजा पद्धति हमें अलग रहने की सीख नही देता। उन्होने कहा कि हमें एक अखण्ड भारत, विकसित भारत बनाने के लिये सम्पूर्ण समर्पण के साथ अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा। अंत में शहीदो को नमन करते हुये उन्होने अपनी वाणी को विराम दिया।
इसके बाद विधि प्राचार्य डाॅ0 मुहम्मद जफर ने छात्र-छात्राओं को संविधान के बारे में विस्तृत रूप से अवगत कराया। उन्होने कहा कि आपकी सच्ची देशभक्ति वही है जहां पर जो जिस कार्य में लगा है उसे तन मन से समर्पित होकर करे ऐसा करने से आपका विकास होगा, आपका विकास होगा तो समाज का होगा, और समाज का होगा तो देश का होगा। संस्था के निदेशक इं0 आशीष त्रिपाठी ने कहा कि 26 जनवरी का दिन भारत के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। इसी दिन देश का संविधान लागू हुआ आज हम लोग देश का 75वाॅं गणतंत्र दिवस मना रहे हैं इस पावन अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद कर हम उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
उक्त कार्यक्रम में छात्र छात्राओं के अलावा फार्मेसी प्राचार्य डाॅ0 सी0एस0 सिंह एवं समस्त फार्मेसी शिक्षक, नर्सिंग प्राचार्या के0एच0 विक्टोरिया देवी एवं समस्त नर्सिंग शिक्षिकाएं, पैरामेडिकल प्राचार्य डाॅ0 विशाल उपाध्याय एवं शिक्षक रितेश तिवारी, प्रशासक धीरज मिश्रा, रजिस्ट्रार अनुज शुक्ला एवं समस्त आफिस कर्मचारी, एडवोकेट सुशील कुमार शुक्ला एवं गुरु प्रसाद द्विवेदी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *