किसान के सिर में कुल्हाड़ी से हमला हालत गंभीर, मचा हड़कंप
आदर्श सहारा टाइम्स
कौशाम्बी। मंझनपुर कोतवाली के अम्बावा पश्चिम गांव में शुक्रवार की आधी रात टीनशेड के नीचे सो रहे युवक पर कुल्हाड़ी से प्राणघातक हमला कर दिया गया। इससे कुल्हाड़ी युवक के सिर में फंस गई। युवक की चीख पुकार सुनकर बगल में सो रहा व्यक्ति जाग गया और हो हल्ला मचाया जानकारी मिलते ही मौके पर परिवार के साथ तमाम लोग पहुंच गए गंभीर हालत में युवक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।जहां से उसे एसआरएन प्रयागराज रेफर कर दिया गया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के अम्बावा पश्चिम निवासी अशर्फीलाल पुत्र सरजू ने मंझनपुर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका बेटा जय सिंह उर्फ तूफान सिंह उम्र 25 वर्ष शुक्रवार की रात गांव के ही सुरेश त्रिपाठी के खेत में बने टीनशेड के नीचे सोया था। रात करीब दो बजे अज्ञात व्यक्ति ने उसके सिर पर सोते समय कुल्हाड़ी से प्रहार किया। इससे कुल्हाड़ी उसके सिर में ही फंस गई। जय सिंह ने शोर मचाया तो जानकारी हुई। गांव के लोगों के साथ वह भागकर पहुंचा। बेटे की हालत देखकर उसको आनन-फानन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने पर उसे मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने एसआरएन अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया गया।मंझनपुर कोतवाली पुलिस ने तहरीर लेकर अज्ञात हमलावर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी संजय तिवारी ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर प्रकरण की जांच की जा रही है। जल्द ही हमलावर का पता लगा लिया जाएगा।