करछना क्षेत्र में गंगा नहाने गए दो सगे भाइयों की डुबने से मौत, गांव में छाया मातम

करछना क्षेत्र में गंगा नहाने गए दो सगे भाइयों की डुबने से मौत, गांव में छाया मातम

 

आदर्श सहारा टाइम्स

करछना,प्रयागराज। यमुनानगर औद्योगिक थाना क्षेत्र के मनैया गांव में मंगलवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे में गंगा नदी में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, 16 वर्षीय राजन यादव अपने छोटे भाई अभिषेक यादव तथा रिश्तेदार सनी यादव के साथ गंगा नदी में स्नान करने गया था। नहाते समय तीनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनकर बचाव का प्रयास किया, जिसमें सनी यादव को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दोनों भाई तेज बहाव में लापता हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से तलाश अभियान शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद दोनों भाइयों के शव नदी से बरामद किए गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। दो सगे भाइयों की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम का माहौल है और हर किसी की आंखें नम हैं।
पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है। वहीं प्रशासन ने लोगों से नदी में स्नान करते समय सावधानी बरतने और गहरे पानी में जाने से बचने की अपील की है। फिलहाल पुलिस प्रशासन जांच पड़ताल में जुटी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *