कोरांव समाधान दिवस में कुल 642 प्रकरण सुनवाई के लिए आयें, 05 प्रकरणों का मौके पर किया गया निस्तारण

कोरांव समाधान दिवस में कुल 642 प्रकरण सुनवाई के लिए आयें, 05 प्रकरणों का मौके पर किया गया निस्तारण

जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में आयी शिकायतों को गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्धता के साथ निस्तारित करने के दिए निर्देश

जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस से अनुपस्थित रहने पर जिला उद्यान अधिकारी, जिला खाद्य्य एवं विपणन अधिकारी, सहायक निदेशक मत्स्य को एक सप्ताह में अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के दिए निर्देश

जिलाधिकारी ने वृद्ध दिव्यांग द्वारिका प्रसाद के आवास से सम्बंधित प्रार्थना पत्र पर शीघ्रता से कार्यवाही सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

समाधान दिवस में कुल 642 प्रकरण सुनवाई के लिए आयें, 05 प्रकरणों का मौके पर किया गया निस्तारण

जिलाधिकारी ने तहसील में पोषण अभियान के अन्तर्गत 2 महिलाओं की गोदभराई एवं 2 बच्चों का कराया अन्नप्राशन

तहसील कोरांव के ग्राम वैदवार कला में निर्माणाधीन गौशाला का निरीक्षण करतेे हुए कार्य को शीघ्रता से पूर्ण कराये जाने के दिए निर्देश

आदर्श सहारा टाइम्स

प्रयागराज । जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील कोरांव में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने सभी सम्बंधित अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए निर्देशित किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने शिकायतों का निस्तारण समयबद्धता के साथ गुणवत्तापूर्ण ढंग से करने के लिए निर्देशित किया है। जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस से अनुपस्थित रहे जिला उद्यान अधिकारी, जिला खाद्य्य एवं विपणन अधिकारी, सहायक निदेशक मत्स्य को एक सप्ताह में अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है। उन्होंने तहसील समाधान दिवस पर सभी संबंधित अधिकारियों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के सख्त निर्देश दिए हैं|
इस अवसर पर तहसील परिसर में बेसिक शिक्षा विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग सहित विभिन्न विभागों के द्वारा उनसे सम्बंधितं कार्यक्रमों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में लगाये गये स्टॉलों का अवलोकन करते हुए जानकारी प्राप्त की एवं सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराते हुए पात्र लोगो को योजनाओं से लाभान्वित कराये जाने हेतु निर्देशित किया है। जिलाधिकारी ने तहसील में पोषण अभियान के अन्तर्गत 2 महिलाओं-श्रीमती संगीता देवी आदिवासी व श्रीमती सपना सिंह की गोदभराई एवं 2 बच्चों-शिवांश व जान्हवी का अन्नप्राशन भी कराया। उन्होंने तहसील कार्यालय परिसर में तहसील का गेट बनवाए जाने, बोर्ड लगाये जाने तथा परिसर की साफ -सफ़ाई कराने के निर्देश दिए हैं| जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जनसमस्याओं को सुनते हुए राजस्व, पुलिस एवं अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को प्रकरण की जमीनी स्तर पर जांच कर शिकायतों को गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्धता के साथ निस्तारित करने एवं प्रार्थनापत्रों की समयबद्ध जांच, कार्रवाई एवं समस्याओं के निस्तारण में विलम्ब होने पर सम्बंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए है । जिलाधिकारी ने कहा कि जन-शिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले बिंदुओं में से एक है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने शिकायतकर्ता का फीडबैक लेने और शिकायतों के निस्तारण से शिकायतकर्ता संतुष्ट भी कराये जाने के लिए कहा। जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में आयें हुए वरासत, अवैध कब्जा व अन्य शिकायतों का शीघ्रता से निस्तारण किए जाने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने प्रार्थनापत्रों की अलग-अलग सूची बनाकर सम्बंधित को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान आवास उपलब्ध कराये जाने के सम्बंध में प्रार्थना पत्र लेकर आयें वृद्ध दिव्यांग श्री द्वारिका प्रसाद पुत्र राम सकल निवासी खीरी, कोरांव के पास जाकर जिलाधिकारी के द्वारा स्वयं उनसे प्रार्थना पत्र लिया गया तथा जिलाधिकारी ने परियोजना निदेशक भूपेन्द्र कुमार सिंह को आवेदक की पात्रता का परीक्षण करते हुए आवास योजना के अन्तर्गत नियमानुसार प्राथमिकता पर जल्द से जल्द उन्हें आवास उपलब्ध कराये जाने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा साथ ही साथ उन्होंने सरकार के द्वारा उन्हें अनुमन्य अन्य योजनाओं का लाभ भी दिलाये जाने के लिए कहा है। सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थी उमेश कमार सिंह पुत्र श्रीकांत सिंह ग्राम बरौठा पोस्ट गाढ़ा के द्वारा अपने शिकायती पत्र में ग्राम सभा की भूमि के गाटा संख्या 272 एवं क्षेत्रफल 0.1710 हे0 पर भूमाफियाओं द्वारा मकान बनाकर कब्जा किए जाने की शिकायत की गयी, जिसपर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी कोरांव को प्रकरण की नियमानुसार जांच कर अवैध कब्जा हटाये जाने के लिए कहा है। आनंद कुमार शर्मा ग्राम कोरांव के द्वारा बरसात होने पर गोपाल विद्यालय रोड में भारी जल-जमाव होने से आवागमन बाधित होने की समस्या के सम्बंध में शिकायती पत्र दिया, जिसपर जिलाधिकारी ने परियोजना निदेशक, एनएचएआई (एनएच 135) को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया है। समाधान दिवस में काशी प्रसाद पुत्र लक्ष्मी नारायण चतुर्वेदी ग्राम पथरताल के द्वारा चन्द्रशेखर मिश्र व पंकज मिश्र के विरूद्ध देवघाट से कोरांव जाने वाली पेयजल की मोटी पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त किए जाने तथा स्वयं की पाइप जोड़कर बिना कनेक्शन के अवैध तरीके से पानी निकाले जाने की शिकायत की, जिसपर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जलनिगम को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। श्यामलाल तिवारी, बिहारी लाल तिवारी, मुरारी लाल तिवारी एवं शेषमणि मिश्रा निवासी ग्राम पैतिहा तहसील कोरांव के द्वारा संयुक्त रूप से उनके खेतो से सटे तालाब में पानी के निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से प्रत्येक वर्ष धान की फसल के डूबकर नष्ट होने तथा गेहूं की फसल की बुआई नहीं होने की शिकायत करते हुए जलनिकासी हेतु नाली बनाये जाने की मांग की गयी, जिसपर जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी कोरांव को नाली बनाये जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया है। प्रशांत पाण्डेय ग्राम पथरताल के द्वारा उपस्वास्थ्य केन्द्र पथरताल तक मरीजों को आने जाने के लिए रास्ता बनाये जाने हेतु दो वर्ष से प्रस्ताव स्वीकृत होने तथा निर्माण सामग्री उपलब्ध होने के बावजूद सड़क का निर्माण पूर्ण नहीं कराये जाने की शिकायत की, जिसपर जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी कोरांव को निर्माण कार्य को शीघ्रता से पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिए है। इसी प्रकार वितोला देवी निवासी ग्राम गडिया मुरलीपुर के द्वारा शांतिप्रसाद व राम सूरत के विरूद्ध प्रार्थिनी के घर के पास बनी सरकारी पक्की नाली एवं हैण्डपम्प को बाउंड्रीवाल बनाकर कब्जा किए जाने की शिकायत की, जिसपर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी कोरांव को नाली पर अवैध कब्जे को हटवाने के निर्देश दिए है।
सम्पूर्ण समाधान दिवस पर तहसील सदर में कुल 642 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें राजस्व विभाग से सम्बंधित 235, पुलिस विभाग 80, विकास विभाग 65, विद्युत विभाग 11, बेलन नहर 06, प्रांतीय खण्ड लोक निर्माण 10, बेसिक शिक्षा 2, माध्यमिक शिक्षा 2, चकबंदी 1, समाज कल्याण 06, आपूर्ति विभाग 15 व अन्य विभागों से सम्बंधित 209 थी, जिनमें से 05 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने शेष शिकायतों के निस्तारण हेतु सम्बंधित विभागांें के अधिकारियों को शिकायतों को आज ही प्राप्त करते हुए प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समयसीमा के अन्तर्गत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किए जाने के निर्देश दिए है। जिलाधिकारी ने सभी सम्बंधित अधिकारियों को हिदायत देते हुए कहा है कि शिकायतों का निस्तारण अनिवार्य रूप से निर्धारित समयसीमा के अन्तर्गत हो जाना चाहिए, जिससे शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से भटकना न पडे ।इस अवसर पर डीसीपी यमुनागर विवेक चन्द्र यादव, उपजिलाधिकारी कोरांव टी0पी0 सिंह, परियोजना निदेशक भूपेन्द्र कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी जी0पी0 कुशवाहा, सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे। तहसील समाधान दिवस के पश्चात तहसील कोरांव क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम वैदवार कला में निर्माणाधीन गौशाला का निरीक्षण किया तथा कार्यो के प्रगति के बारे में जानकारी लेते हुए अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत कोरांव को स्वयं गौशाला का नियमित रूप से निरीक्षण करने तथा अपनी निगरानी में निर्माण कार्य में लगे मजदूरों व कारीगरों की संख्या बढ़ाकर कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से शीघ्रता से पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *