उत्तर प्रदेश सरकार के ‘भूजल सप्ताह’ के अंतर्गत IFFCO फूलपुर में जल संरक्षण का दिया गया संदेश

उत्तर प्रदेश सरकार के ‘भूजल सप्ताह’ के अंतर्गत IFFCO फूलपुर में जल संरक्षण का दिया गया संदेश

आदर्श सहारा टाइम्स

फूलपुर, प्रयागराज। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा घोषित ‘भूजल सप्ताह’ के अंतर्गत IFFCO फूलपुर इकाई में जल संरक्षण एवं भूजल संवर्धन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जल संरक्षण के संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भूजल संरक्षण, वर्षा जल संचयन तथा जल के विवेकपूर्ण उपयोग के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। सभी उपस्थितजनों ने जल की प्रत्येक बूंद का सदुपयोग करने तथा भूजल स्तर को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर IFFCO फूलपुर इकाई के वरिष्ठ महाप्रबंधक श्री पी. के. सिंह, प्रमुख (अनुरक्षण) श्री पी. के. पटेल, महाप्रबंधक श्री रत्नेश कुमार,अनिल कुमार गुप्ता, संयुक्त महाप्रबंधक श्री संतोष कुमार सिंह, श्री आर पी यादव, श्री संजय कुमार, श्री संदीप गोयल, एवं श्री आशीष कुमार प्रमुख (कार्मिक एवं प्रशासन) श्री शंभू शेखर, विभागाध्यक्षगण, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि जल संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपने कार्यस्थल एवं घरों में जल के विवेकपूर्ण उपयोग, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने तथा जल संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने का आह्वान किया।

IFFCO फूलपुर पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध है। इकाई में वर्षा जल संचयन, जल पुनर्चक्रण तथा जल उपयोग दक्षता बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रभावी उपाय अपनाए जा रहे हैं। ऐसे कार्यक्रम कर्मचारियों एवं समाज में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने तथा भावी पीढ़ियों के लिए भूजल संसाधनों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *