श्रावण मास व कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, पुलिस आयुक्त व जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने घाटों का किया निरीक्षण

श्रावण मास व कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, पुलिस आयुक्त व जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने घाटों का किया निरीक्षण

आदर्श सहारा टाइम्स

प्रयागराज। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के सुरक्षित, सुगम और निर्विघ्न आयोजन को लेकर प्रयागराज प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में पुलिस आयुक्त प्रयागराज, अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) तथा जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने मनकामेश्वर मंदिर, दशाश्वमेघ घाट सहित अन्य प्रमुख घाटों का संयुक्त भ्रमण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ यात्रियों की सुविधा, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, भीड़ प्रबंधन, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधाओं तथा सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
पुलिस आयुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने तथा यातायात संचालन को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने पर जोर दिया।
इस दौरान पुलिस उपायुक्त नगर, पुलिस उपायुक्त गंगानगर सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *