एसएसबी जवान के पुत्र का शव लाक्षागृह घाट पर उतराता मिला, हत्या का आरोप

एसएसबी जवान के पुत्र का शव लाक्षागृह घाट पर उतराता मिला, हत्या का आरोप

लखनऊ में डिप्लोमा कर रहा था छात्र, दो दिन पूर्व रैपिडो बुक करने के बाद हुआ था लापता

 

आदर्श सहारा टाइम्स

मेजा (प्रयागराज)। प्रयागराज के हंडिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लाक्षागृह गंगा घाट पर सोमवार सुबह एक युवक का शव उतराता हुआ मिलने से सनसनी फैल गई। शव की पहचान मेजा थाना क्षेत्र के अमिलिया कला, उरुवा गांव निवासी कुमार गौरव (22 वर्ष) के रूप में हुई है। मृतक भारतीय एसएसबी में तैनात जवान कुंतल कुमार का पुत्र था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक लखनऊ स्थित डीडी पंत पॉलीटेक्निक कॉलेज में इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेड में डिप्लोमा द्वितीय वर्ष का छात्र था। उसके पिता इन दिनों रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात हैं और अवकाश पर घर आए हुए हैं।

_घटना का क्रम इस प्रकार है-_ कुमार गौरव 9 अक्टूबर को ट्रेन संख्या 14308 द्वारा लखनऊ से प्रयागराज संगम स्टेशन आया था। पिता के अनुसार स्टेशन पर उतरने के बाद उसने फोन पर बताया था कि वह घर जाने के लिए रैपिडो बुक कर रहा है। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया और उससे संपर्क टूट गया।

नियत समय पर घर न पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। 10 अक्टूबर को दारागंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। 12 अक्टूबर की सुबह हंडिया के लाक्षागृह घाट पर स्थानीय लोगों ने गंगा में शव तैरता देखा और पुलिस को सूचना दी।

हंडिया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल भेज दिया। मौके से मृतक की जेब से मोबाइल फोन और कमरे की चाबी बरामद हुई है।

उधर, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि युवक की हत्या कर शव को गंगा में फेंक दिया गया है।

*पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।* साथ ही रैपिडो चालक और संबंधित लोकेशन की भी जांच की जा रही है।

इस घटना से मृतक के गांव अमिलिया कला में शोक का माहौल है। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर कोहराम मच गया। अंतिम संस्कार कोठारी गंगा घाट पर किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *