शारदीय नवरात्रि की धूम: मां ब्रह्मचारिणी के दरबार में शालू विश्वकर्मा के भजनों पर झूमे भक्त

शारदीय नवरात्रि की धूम: मां ब्रह्मचारिणी के दरबार में शालू विश्वकर्मा के भजनों पर झूमे भक्त

बही भक्ति की बयार: ‘सजा दो दर मेरी माता’ भजन से गूंजा पंडाल, शक्ति स्वरुपा माँ ब्रह्मचारिणी के जयकारों में झूमे श्रद्धालु

आदर्श सहारा टाइम्स

उरुवा, प्रयागराज।विकासखंड उरुवा अंतर्गत सिटकी ग्राम सभा में शारदीय नवरात्र के पावन पर्व पर श्री नवदुर्गा पूजा कमेटी द्वारा माँ दुर्गा की भव्य प्रतिमा की स्थापना बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ की गई है। पूजा कमेटी के सदस्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से मातारानी की प्राण-प्रतिष्ठा की गई। पहले दिन से ही पंडाल में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। ढोल-नगाड़ों और “जय माता दी” के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है।

बाॅक्स
*दूसरे दिन गूंजा माँ ब्रह्मचारिणी का जयकारा*

नवरात्र के दूसरे दिन आचार्य द्वारा वैदिक मंत्रों के साथ माँ ब्रह्मचारिणी की विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती कराई गई। मान्यता है कि माँ ब्रह्मचारिणी तप, त्याग, संयम और सदाचार की प्रतीक हैं। शाम होते ही पूजा पंडाल में भव्य भजन संध्या और माता के जगराते का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य आकर्षण रहीं सुप्रसिद्ध भजन गायिका शालू विश्वकर्मा और उनके सहयोगी गायक रामेश्वर तिवारी। दोनों कलाकारों ने अपनी पूरी टीम और आकर्षक साज-सज्जा के साथ मंच संभाला।

शालू विश्वकर्मा ने अपने मधुर भजनों से माँ ब्रह्मचारिणी के तपस्वी स्वरूप का वर्णन किया। जैसे ही उन्होंने मातारानी के लिए भजन “सजा दो दर मेरी माता, नवरात्रि माँ की आई है – आजा माँ तेरी जरूरत है, शुभ मुहूर्त है” प्रस्तुत किया तो पूरा पंडाल जयकारों से गूंज उठा। उनके भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते-नाचते रहे। उन्होंने बताया कि माँ ब्रह्मचारिणी की आराधना से जीवन में धैर्य, शांति, आत्मबल और ज्ञान की प्राप्ति होती है।

कार्यक्रम के अंत में श्री नवदुर्गा पूजा कमेटी, सिटकी की ओर से आए हुए सभी पत्रकार बंधुओं को अंगवस्त्रम से सम्मानित किया गया। कमेटी ने नवरात्र भर प्रतिदिन पूजा, आरती और भजन-कीर्तन जारी रहने की जानकारी दी।

इस अवसर पर संतलाल विश्वकर्मा, राम कैलाश विश्वकर्मा,राजमणि विश्वकर्मा, राजकुमार विश्वकर्मा, दिनेश विश्वकर्मा, सुधीर सिंह, धीरेंद्र प्रताप सिंह, सूरज विश्वकर्मा, राहुल गुप्ता, रोहित गुप्ता, मोहित गुप्ता, सौरभ विश्वकर्मा, सत्यम विश्वकर्मा सहित सैकड़ों ग्रामवासी और भक्तगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *