प्रभारी मंत्री ने जनपद में आंधी-तूफान से प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर नुकसान का लिया जायजा,मृतक आश्रितों को प्रदेश सरकार की ओर से 04 लाख रूपये की प्रदान की गयी सहायता राशि

प्रभारी मंत्री ने जनपद में आंधी-तूफान से प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर नुकसान का लिया जायजा,मृतक आश्रितों को प्रदेश सरकार की ओर से 04 लाख रूपये की प्रदान की गयी सहायता राशि

मा0 प्रभारी मंत्री  ने तहसील हण्डिया, फूलपुर व सोरांव में आंधी-तूफान से हुई जनहानियों में प्रभावित हुए परिवारों से मुलाकात कर दी सांत्वना

मृतक आश्रितों को प्रदेश सरकार की ओर से 04 लाख रूपये की प्रदान की गयी सहायता राशि के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए अन्य योजनाओं से लाभान्वित कराये जाने के दिए निर्देश

प्रभावित परिवारों को हर सम्भव सहायता उपलब्ध कराने तथा क्षतिग्रस्त मकानों एवं फसलों का सर्वे कराकर नियमानुसार सहायता प्रदान करने के दिए निर्देश

प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य सुनिश्चित किए जाने तथा विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थायें शीघ्रता से सुचारू बनाये जाने के दिए निर्देश

आपदा की इस घड़ी में प्रदेश सरकार प्रभावित परिवारों के साथ-मा0 प्रभारी मंत्री

 

आदर्श सहारा टाइम्स

प्रयागराज । मा0 प्रभारी मंत्री-जनपद प्रयागराज/मा0 मंत्री जल शक्ति विभाग (सिंचाई एवं जल संसाधन, बाढ़ नियंत्रण, परती भूमि विकास, लघु सिंचाई, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग, उत्तर प्रदेश श्री स्वतंत्र देव सिंह, जनपद में आंधी-तूफान से प्रभावित क्षेत्रों का शुक्रवार को भ्रमण कर हुए नुकसान का जायजा लिया एवं आंधी-तूफान से तहसील हण्डिया, फूलपुर व सोरांव में हुई जनहानियों में प्रभावित हुए परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने इस दौरान शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में शासन एवं प्रशासन पूरी तरह प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। मा0 मंत्री जी ने आंधी-तूफान के कारण मृत हुए लोगो के आश्रितों को प्रदेश सरकार की ओर मृतक आश्रित के खाते में अंतरित की गयी 04 लाख रूपये की धनराशि प्राप्त होने की जानकारी ली तथा धनराशि को आज ही खातों में अंतरित किया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। मा0 मंत्री  ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राहत एवं पुर्नवास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाये। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हर सम्भव सहायता उपलब्ध कराने तथा क्षतिग्रस्त मकानों एवं फसलों का सर्वे कराकर नियमानुसार सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए है। मा0 प्रभारी मंत्री  ने सम्बंधित उपजिलाधिकारी से प्रभावित परिवार जिन-जिन सरकारी योजनाओं के अन्तर्गत पात्र है, उन सभी योजनाओं का लाभ उन्हें दिलाये जाने के लिए निर्देशित किया है। मा0 मंत्री जी ने भूमिहीनों को पट्टा, आवास योजना के अन्तर्गत पात्रता होने पर आवास उपलब्ध कराने तथा पेंशन योजना सहित अन्य योजनाओं से लाभान्वित कराये जाने के लिए कहा है।

मा0 प्रभारी मंत्री  ने कहा कि सरकार प्राकृतिक आपदा से उत्पन्न परिस्थितियों से निपटने हेतु पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को आंधी व तूफान से प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य सुनिश्चित किए जाने तथा विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थायें शीघ्रता से सुचारू बनाये जाने के लिए कहा है। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को आंधी के बाद क्षतिग्रस्त हुई ऐसी विद्युत लाइनें जो अभी भी ठीक नहीं हुई है, युद्धस्तर पर अभियान चलाकर शीघ्र ठीक कराये जाने तथा जनपद के सभी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था को सुचारू बनाये जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने आंधी में गिरे पेड़ यदि जिन्हें अभी भी मार्गों से नहीं हटाया गया है, उनकी कटाई कराकर हटवाये जाने तथा उनके कारण अवरूद्ध रास्तों को खुलवाये जाने के निर्देश दिए है।

मा0 प्रभारी मंत्री  ने मा0 सांसद फूलपुर  प्रवीण पटेल, मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ0 वी0के0 सिंह, मा0 विधायक फूलपुर  दीपक पटेल, मा0 विधायक फाफामऊ  गुरू प्रसाद मौर्य व अन्य मा0 जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी  मनीष कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती विनीता सिंह के साथ तहसील हण्डिया के अन्तर्गत मृतक स्व0 राजदेवी पत्नी स्व0 जीत लाल विश्वकर्मा ग्राम सिथौरा-थाना उतरांव, स्व0 दुर्गाभारती ग्राम-नाहरपुर हण्डिया थाना हण्डिया, स्व0 अंजनी उर्फ रंजना पुत्र बुद्धसेन ग्राम देवदहना हण्डिया-थाना सराय ममरेज, स्व0 अनीता देवी पत्नी शिवपूजन ग्राम छतौना हण्डिया-थाना सराय ममरेज, स्व0 लाल जी पुत्र झारी ग्राम खखैचा थाना सराय ममरेज तहसील फूलपुर अन्तर्गत स्व0 सविता (30 वर्ष) पत्नी संदीप ग्राम कुतुबुद्दीनपुर-थाना फूलपुर, अनुपम (06 वर्ष) पुत्र संदीप ग्राम कुतुबुद्दीनपुर-थाना फूलपुर एवं तहसील सोरांव अन्तर्गत सत्यम (09 वर्ष) पुत्र रामजी ग्राम जगदीशपुर थाना सोरांव एवं स्व0 इन्दु पटेल (24 वर्ष) पत्नी अंकित पटेल ग्राम खिजिरपुर थाना नवाबगंज के घर पहुंचकर शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें ढाढंस बंधाया तथा सरकार द्वारा उन्हें सभी अनुमन्य सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *