प्रयागराज में जिलास्तरीय जनगणना समन्वय समिति की प्रथम बैठक हुई आयोजित

प्रयागराज में जिलास्तरीय जनगणना समन्वय समिति की प्रथम बैठक हुई आयोजित

22 मई से 20 जून 2026 के मध्य कराया जायेगा जनगणना के प्रथम चरण का कार्य

आदर्श सहारा टाइम्स

प्रयागराज ।  जिलाधिकारी  मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को संगम सभागार में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की प्रथम बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक में जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी के द्वारा अवगत कराया गया कि आगामी जनगणना-2027 का कार्य पूर्णतः मोबाइल ऐप एवं पोर्टल के माध्यम से संपन्न किया जाएगा। उन्होंने इस डिजिटल प्रक्रिया को त्रुटिहीन बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों को तकनीक के उपयोग हेतु सजग रहने तथा सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जनगणना के प्रथम चरण का कार्य 22 मई से 20 जून 2026 के मध्य पूरा किए जाने हेतु निर्देश देते हुए बताया गया कि जनगणना कार्य हेतु तैनात किए जाने वाले मास्टर टेनर्स एवं फील्ड ट्रेनर्स, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की सूची को अनिवार्य रूप से पहले से डिजिटल रूप में संधारित किया जाए, जिससे जनगणना के सीएमएम पोर्टल पर जनगणना पदाधिकारियों के डाटाबेस को अपलोड करने की प्रक्रिया त्वरित एवं सुगम हो सके।

जिला स्तरीय समन्वय समिति की प्रथम बैठक का संचालन एवं समन्वय अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर जनगणना कार्य निदेशालय की टीम से  जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, सहायक निदेशक एवं जिला प्रभारी तथा  सोमनाथ गोस्वामी, सहायक जिला प्रभारी के द्वारा जनगणना-2027 विषय पर पीपीटी के माध्यम से विस्तार से प्रस्तुति भी दी गई। उल्लेखनीय है कि यह जनगणना श्रेणी की 16वीं जनगणना तथा स्वतंत्रता के बाद 8वीं जनगणना होगी। बैठक में अपर नगर आयुक्त, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, अर्थ एवं संख्या अधिकारी, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी एवं सभी चार्ज अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *