जिलाधिकारी ने बच्चों से किया संवाद, बच्चों को बताया सफलता का मंत्र

जिलाधिकारी ने बच्चों से किया संवाद, बच्चों को बताया सफलता का मंत्र

अनुशासन, मेहनत और निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं- जिलाधिकारी

जिलाधिकारी ने बच्चों से कहा अपनी रुचि के अनुसार ही लक्ष्य बनाएं और लक्ष्य के अनुसार ही मेहनत करें

आदर्श सहारा टाइम्स

प्रयागराज। जिलाधिकारी  मनीष कुमार वर्मा शुक्रवार को सीएवी इंटर कॉलेज पहुंचकर कैरियर संवाद कार्यक्रम में विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। जिलाधिकारी ने बच्चों से पढ़ाई तथा भविष्य में क्या बनना चाहते हैं, के लक्ष्य के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जीवन में हमेशा बड़ा लक्ष्य रखना चाहिए और उसी लक्ष्य के अनुरूप अनुशासन, मेहनत एवं निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी बच्चे मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने सपने को साकार करें। बच्चों की प्रतिभा एवं रुचि को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आप सभी में अच्छा टैलेंट है, मन लगाकर पढ़ाई करें और अपनी रुचि के अनुसार ही लक्ष्य बनाए। पढ़ाई के साथ साथ खेल, संगीत, कला सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी रूचि के अनुसार मेहनत करें और उस क्षेत्र में सफलता के सर्वोच्च शिखर को प्राप्त करें। जिलाधिकारी ने बच्चों को कैरियर से जुड़ी बारीकियों के बारे में विस्तार से अपने अनुभवों को साझा किया और बताया कि कैसे सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि जिस भी क्षेत्र में आप जायें, उसमें सफलता की ऊचाईयों को प्राप्त करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि जीवन में लक्ष्य का होना बहुत जरूरी है। लक्ष्य जितना बड़ा होगा, मेहनत उतना ही ज्यादा करनी पड़ेगी। आप सभी लोग प्रतिभाशाली है। आप सभी को अपने माता-पिता, अपने देश के लिए कुछ बड़ा करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने अपने अनुभव को बच्चों से साझा किया और कहा कि अनुशासन और निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।

जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ सन्तोष कुमार राय ने बच्चों से संवाद करते हुए जीवन में आने वाली कठिन परिस्थितियों का मुकाबला कैसे करें साथ ही समय प्रबंधन, तनाव प्रबंधन और परीक्षा के दौरान आने वाले दबाव के प्रबंधन पर बच्चों को सार्थक एवं व्यवहारिक दर्शन दिया। इस अवसर पर सह जिला विद्यालय निरीक्षक जितेन्द्र प्रताप सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य के के प्रसाद, विद्यालय के समस्त शिक्षक/शिक्षकाए एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *