मेजा थाना क्षेत्र के लापता युवक का शव हंडिया के तालाब में मिला , परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

मेजा थाना क्षेत्र के लापता युवक का शव हंडिया के तालाब में मिला , परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

आदर्श सहारा टाइम्स

मेजा, प्रयागराज। मेजा थाना क्षेत्र के अमिलिया कला, उरुवा गांव से लापता हुए 21 वर्षीय युवक कुमार गौरव उर्फ राज का शव सोमवार को हंडिया क्षेत्र के एक तालाब में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के शव की पहचान होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव तालाब में फेंके जाने की आशंका जताई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक के पिता कुंताल कुमार ने बताया कि उनका पुत्र कुमार गौरव लखनऊ में पढ़ाई करता था। वह 10 अक्टूबर को शाम करीब चार बजे प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन से लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की थी। युवक की जानकारी देने के लिए गुमशुदगी का पोस्टर भी जारी किया गया था।
इसी बीच सोमवार को हंडिया पुलिस को क्षेत्र के एक तालाब में शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया। तलाशी के दौरान युवक की जेब से कमरे की चाबी और मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके बाद शव की पहचान कुमार गौरव उर्फ राज के रूप में हुई।
युवक का शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसआरएन अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *