नवरात्रि को लेकर सरायममरेज पुलिस अलर्ट, बाजारों और दुर्गा पंडालों में किया पैदल फ्लैग मार्च

नवरात्रि को लेकर सरायममरेज पुलिस अलर्ट, बाजारों और दुर्गा पंडालों में किया पैदल फ्लैग मार्च

 

महिला पुलिस कर्मियों ने संभाली सुरक्षा की कमान, पूजा समितियों को सीसीटीवी और अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश

 

आदर्श सहारा टाइम्स

प्रयागराज। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सरायममरेज पुलिस अलर्ट मोड पर है। पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया के निर्देश पर तथा एसीपी हंडिया शेषधर पांडेय के पर्यवेक्षण में रविवार शाम थाना सरायममरेज पुलिस ने कस्बे के विभिन्न बाजारों और दुर्गा पूजा पंडालों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सरायममरेज मुख्य बाजार, बेला, बाबूपुर साथर, कटहरा बाजार सहित विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर फ्लैग मार्च किया। इस दौरान दुकानदारों और स्थानीय लोगों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। पुलिस ने लोगों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तत्काल डायल 112 अथवा स्थानीय थाने को देने की अपील की।
गश्त के दौरान महिला पुलिस कर्मियों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने बाजार में खरीदारी करने आई महिलाओं और महिला श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने वालों और शांति व्यवस्था भंग करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम ने दुर्गा पूजा समितियों के आयोजकों को पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त रोशनी, अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लाउडस्पीकर की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने तथा पंडालों में अराजक तत्वों पर नजर बनाए रखने को कहा गया।
पुलिस ने चेतावनी दी कि नवरात्रि के दौरान शराब पीकर हुड़दंग करने वालों और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बाबूपुर साथर में इंद्रदेव मिश्रा द्वारा निर्मित नवनिर्मित अस्थायी दुर्गा पूजा पंडाल में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस विशेष सतर्कता बरतेगी।
सरायममरेज पुलिस की इस पहल से स्थानीय व्यापारियों और श्रद्धालुओं में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भरोसा बढ़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *