दिघिया बाजार में चोरों का आतंक, चार दुकानों के शटर का ताला तोड़ लाखों की चोरी
चौकी से चंद कदमों की दूरी पर वारदात, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल; ग्रामीणों में आक्रोश
आदर्श सहारा टाइम्स
मांडा, प्रयागराज। मांडा थाना क्षेत्र के दिघिया चौकी अंतर्गत दिघिया बाजार में बीती रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। चोरों ने दो सराफा व्यवसायियों समेत चार दुकानों के शटर का ताला तोड़कर लाखों रुपये की चोरी कर ली। घटना की जानकारी सोमवार सुबह ग्रामीणों और दुकानदारों को हुई तो बाजार में हड़कंप मच गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने दिघिया चौकी पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दिघिया चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस चोरी की वारदात से जुड़े तथ्यों को जुटाने में लगी है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक चोरी गए सामान और कुल नुकसान का विस्तृत ब्योरा सामने नहीं आया था।
घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि दिघिया चौकी से कुछ ही दूरी पर चोरों ने बेखौफ होकर चार दुकानों के शटर के ताले तोड़ दिए। इससे बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि रात में पुलिस की नियमित गश्त और पहरा प्रभावी होता, तो शायद चोर इस तरह की वारदात को अंजाम नहीं दे पाते।
लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं की आशंका से व्यापारियों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस अधिकारियों से बाजार में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अब देखना यह है कि पुलिस इस वारदात का खुलासा कब तक करती है और बाजार के व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा कैसे दिलाती है।
