शव घर पहुंचते ही मचा कोहराम, कोठारी घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
एसएसबी जवान के पुत्र का शव लाक्षागृह घाट पर उतराता मिला, हत्या का आरोप
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा (प्रयागराज)। हंडिया के लाक्षागृह गंगा घाट पर मिले युवक के शव की पहचान मेजा के अमिलिया कला निवासी कुमार गौरव (22) के रूप में हुई। शव सोमवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही पैतृक गांव अमिलिया कला, उरुवा पहुंचा, पूरे गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
मृतक कुमार गौरव एसएसबी में तैनात जवान कुंतल कुमार का बड़ा बेटा था। वह लखनऊ के डीडी पंत पॉलीटेक्निक कॉलेज में इलेक्ट्रॉनिक्स में डिप्लोमा द्वितीय वर्ष का छात्र था। उसके पिता वर्तमान में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर सुरक्षा में तैनात हैं।
बताया जा रहा है कि गौरव 9 अक्टूबर को ट्रेन संख्या 14308 से लखनऊ से प्रयागराज संगम स्टेशन आया था। वहां से उसने पिता को फोन कर कहा था कि वह रैपिडो बुक कर घर आ रहा है, जिसके बाद उसका फोन बंद हो गया। परिजनों ने 10 अक्टूबर को दारागंज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 12 अक्टूबर को उसका शव हंडिया में गंगा में उतराता मिला।
हंडिया पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। जेब से मोबाइल और चाबी बरामद हुई है। परिजनों ने हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार को कोठारी गंगा घाट पर गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। गांव में मातम पसरा हुआ है।
