डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती पर भव्य कार्यक्रम, बच्चों को मिला शिक्षा सामग्री का उपहार
शिक्षा और कलम की ताकत हजार तलवारों से भी ताकतवर होती है -डॉ. आर. डी. सोनकर
आदर्श सहारा टाइम्स
मांडा (प्रयागराज )। मांडा क्षेत्र के नरवर चौकठा गांव में भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के पावन अवसर पर जन एकता समिति द्वारा एक भव्य, प्रेरणादायक एवं जनहितकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज में शिक्षा के प्रसार और जरूरतमंद बच्चों की सहायता पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने हेतु की गई पहल रही। जन एकता समिति के अध्यक्ष डॉ. आर. डी. सोनकर ने इस अवसर पर शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किसी भी समाज के विकास की नींव शिक्षा होती है। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर अवसर और संसाधन उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर लगभग 100 जरूरतमंद बच्चों को कॉपी, पेंसिल, इरेज़र और शार्पनर जैसी शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। इस पहल से बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए विभिन्न शैक्षिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हैं और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहायक होते हैं।
कार्यक्रम का सफल नेतृत्व जन एकता समिति के अध्यक्ष डॉ. आर. डी. सोनकर ने किया। उनके मार्गदर्शन में बड़ी संख्या में युवाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई और आयोजन को सफल एवं यादगार बनाया। इस अवसर पर अमित सोनकर, अजय सोनकर, जोखू निषाद, प्रेम शंकर निषाद, अरविंद गौतम, राज बौद्ध, सूरज, सूरज सरोज, मुखिया, धनराज निषाद सहित अनेक युवाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. आर. डी. सोनकर ने प्रेरणादायक संदेश देते हुए कहा—
“मेरी इच्छा—सबको शिक्षा”
साथ ही सभी उपस्थितजनों ने यह संकल्प लिया कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विचारों—शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय—को जन-जन तक पहुँचाकर एक सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य किया जाएगा।
