स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मेजा ऊर्जा निगम द्वारा 10 प्राथमिक विद्यालयों में स्मार्ट क्लास का उद्घाटन
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा । देश के 80 वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर मेजा ऊर्जा निगम (प्रा.) लिमिटेड द्वारा नैगम सामाजिक दायित्व (CSR) डिजिटल विद्या मिशन के अंतर्गत मेजा ऊर्जा निगम से प्रभावित ग्रामों के 10 सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में स्मार्ट क्लास का उद्घाटन किया गया।
यह कार्यक्रम सलैया कला प्राथमिक विद्यालय मे आयोजित किया गया।
इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक एवं तकनीक आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना तथा विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा के वातावरण को सुदृढ़ करना है।
स्मार्ट क्लास की सुविधा के माध्यम से विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम से संबंधित विषयों को ऑडियो-विजुअल एवं डिजिटल माध्यम से समझने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी सीखने की क्षमता, रुचि एवं ज्ञान में वृद्धि होगी। यह पहल ग्रामीण विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा प्रणाली से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जी. श्रीनिवास राव, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, मेजा ऊर्जा निगम द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि, “बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़ना समय की आवश्यकता है। स्मार्ट क्लास की सुविधा से विद्यार्थियों को विषयों को सरल, रोचक एवं प्रभावी तरीके से समझने में सहायता मिलेगी। मेजा ऊर्जा निगम शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास एवं ग्रामीण विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत है।”
उन्होंने आगे कहा कि डिजिटल शिक्षा ग्रामीण एवं शहरी विद्यार्थियों के बीच शैक्षणिक अंतर को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। स्मार्ट क्लास के माध्यम से बच्चों को तकनीक आधारित शिक्षा का अनुभव प्राप्त होगा तथा उनमें नई चीजें सीखने और समझने की जिज्ञासा को भी बढ़ावा मिलेगा।
विद्यालय के शिक्षकगण, ग्राम प्रधान एवं ग्रामवासियों ने इस पहल के लिए मेजा ऊर्जा निगम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्मार्ट क्लास की सुविधा से विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त होगी। इससे कठिन विषयों को चित्र, वीडियो एवं अन्य डिजिटल माध्यमों से आसानी से समझने में सहायता मिलेगी तथा बच्चों की पढ़ाई के प्रति रुचि और उत्साह में वृद्धि होगी।
इस अवसर पर नरेंद्र नाथ सिन्हा (मुख्य महाप्रबंधक- संचालन और रखरखाव) शरद सिंह (महाप्रबंधक, परियोजना), अशोक कुमार सामल (महाप्रबंधक, अनुरक्षण), विवेक चन्द्र (अपर महाप्रबंधक, मानव संसाधन), अजय सिंह (उप महाप्रबंधक, मानव संसाधन) सहित, संबंधित ग्राम प्रधान, विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकगण, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
