ट्रेन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
आदर्श सहारा टाइम्स
मांडा,प्रयागराज। मांडा थाना क्षेत्र के दिघिया पुलिस चौकी अंतर्गत दिघिया डीएफसी रेल लाइन पर बुधवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार हादसा दिघिया डीएफसी रेल लाइन के पिलर नंबर 229/19 के समीप हुआ। मृतक की पहचान आशु पुत्र राधे कृष्ण, निवासी राजपुर भारतगंज के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही दिघिया पुलिस चौकी प्रभारी अक्षय सिंह भदौरिया तथा मांडा थाना प्रभारी कुलदीप शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद परिजनों को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही परिजन दिघिया पुलिस चौकी पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।
15 दिन पहले गया था दिल्ली
परिजनों के मुताबिक आशु करीब 15 दिन पहले दिल्ली गया था। इसके बाद परिवार के लोग लगातार उसे फोन कर रहे थे, लेकिन वह फोन नहीं उठा रहा था। बताया गया कि आशु के पिता राधे कृष्ण सोमवार को दिल्ली जाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान आशु भी दिल्ली से घर के लिए निकल पड़ा था। परिवार वाले उससे फोन पर संपर्क करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन फोन नहीं उठने के कारण परिजन चिंतित थे।
बताया गया कि जब आशु के पिता दिल्ली पहुंचने वाले थे, तभी घर से उन्हें सूचना मिली कि आशु की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई है। यह खबर सुनकर पिता और परिवार के अन्य सदस्यों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था आशु
आशु अपने पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था। उसकी मौत की खबर से माता-पिता और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां राधा देवी बेटे की मौत से बेसुध हैं। वहीं भाई पवन, सागर, आकाश और अरुण सहित अन्य परिजन गहरे सदमे में हैं।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच-पड़ताल की जा रही है। युवक की मौत हादसा किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
